3.13 करोड़ के बायपास का भूमिपूजन: विधायक बोले किसानों को परेशान किया तो होगी कार्रवाई

आनंदपुर डेस्क:
सोमवार को बहुप्रतीक्षित बायपास मार्ग निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन स्थानीय विधायक उमाकांत शर्मा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अंतर्गत लगभग 3 करोड़ 13 लाख की लागत से बनने वाला यह बायपास मार्ग दो किलोमीटर से अधिक लंबाई का होगा। इसके निर्माण से नगर के मुख्य बाजार में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और भारी वाहनों का आवागमन सुगम हो सकेगा, जिससे स्थानीय व्यापार और यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

शिविर में सुनी समस्याएं
भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद विधायक द्वारा जनसंवाद एवं जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, शिविर में राजस्व विभाग के 23, विद्युत विभाग के 7, पीएचई के 7 और आरईएस के 10 सहित कुल 61 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

विधायक उमाकांत शर्मा ने किसानों की उपज तुलाई में आ रही समस्याओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रशासन और संबंधित समितियों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रत्येक किसान की फसल का समय पर उपार्जन हो और किसी भी प्रकार की लापरवाही या किसानों को परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।। इस दौरान एसडीएम नितिन जैन, जनपद अध्यक्ष कला बाई कलावत, मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, डॉ संजय शर्मा, जितेंद्र सिंह जादौन सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



