राहुल गांधी की यात्रा भारत जोड़ों न्याय यात्रा का शेड्यूल नहीं बदलेगा: आज उज्जैन तो कल बदनावर में सभा, किसानों और अधिवक्ताओं से मिलेंगे

न्यूज़ डेस्क :
बिहार के पटना में एक दिन के लिए गए राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सोमवार को शिवपुरी, गुना से फिर शुरू हुई। माना जा रहा था कि यात्रा शेड्यूल एक दिन आगे बढ़ेगा, लेकिन प्रदेश कांग्रेस के मुताबिक सब कुछ तय शेड्यूल से ही होगा। इससे अब मंगलवार को दोपहर बाद राहुल गांधी उज्जैन पहुंच जाएंगे। सुबह उनकी यात्रा राजगढ़ जिले के पचौर से शुरू होगी। शाजापुर में रोड शो, मक्सी में लंच और पटवारी परीक्षार्थी से संवाद के बाद उज्जैन पहुंचेगी।
महाकाल दर्शन के बाद उज्जैन में न रुकते हुए इंगोरिया में नाइट स्टे होगा। 6 मार्च को सुबह इंगोरिया में ही राहुल किसान महापंचायत में शामिल होंगे और यहीं पर अधिवक्ताओं के समूह से भी मिलेंगे। बुधवार को ही राहुल गांधी बदनावर में जनसभा को संबोधित करेंगे और लंच के बाद रतलाम-सैलाना होते हुए राजस्थान सीमा में फिर प्रवेश करेंगे।
यात्रा के मीडिया प्रभारी के.के. मिश्रा ने बताया कि 5 मार्च को यात्रा का 52वां दिन है। 5 को ही यात्रा उज्जैन पहुंचेगी। पिछले दो महीनों से जमीन अधिग्रहण का विरोध कर रहे किसानों को प्रदेश कांग्रेस 6 मार्च को सुबह राहुल गांधी से मिलवाएगी। इसे एक तरह से महापंचायत ही नाम दिया जा रहा है। उज्जैन से बड़नगर होते हुए कांग्रेस महासचिव बदनावर पहुंचेंगे। जहां सभा होगी।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि किसानों काे एमएसपी और जमीन अधिग्रहण का सही मूल्य न मिलना यह दो बड़े मुद्दे हैं, इसलिए इन पर फोकस किया जा रहा है। किसान नेताओं के मुताबिक इंदौर-बुधनी रेलवे लाइन, आउटर रिंग रोड, इंदौर-बैतूल कर्णावत एक्सप्रेस-वे और पीथमपुर औद्योगिक लॉजिस्टिक्स पार्क के प्रभावित किसानों की 6 मार्च को उज्जैन के पास महापंचायत होगी। इसमें राहुल गांधी शामिल होंगे। हमने महापंचायत की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने समय दिलवाया है।
इंदौरी नेताओं को भी अलग-अलग जिम्मेदारी, पटवारी की चुनौती यहीं से
मालवा में प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी की असली चुनौती सामने आएगी। विधानसभा चुनाव से पहले निकली कांग्रेस की यात्रा में उज्जैन, रतलाम-मंदसौर क्षेत्र के प्रभारी जीतू पटवारी ही थे। ऐसे में 5 और 6 की यात्रा में ही असली ताकत दिखाना होगी। इंदौर नेताओं को पहले से ही अलग-अलग तरह के प्रभारी दिए जा चुके हैं। इसमें संजय शुक्ला, विशाल पटेल, स्वप्निल कोठारी, जय हार्डिया जैसे नेता लगे हुए हैं। किसानों को यात्रा के दौरान कितनी शक्ति से कांग्रेस जुटा पाती है, यह अहम होगा।



