ब्रेकिंग न्यूज़- किसान ने बनाया वीडियो, नहर में बहाए हजारों सुतली बम: तहसीलदार के कहने पर लाए थे सिराली नगर परिषद के कर्मचारी

न्यूज़ डेस्क :
हरदा में बड़ी संख्या में सुतली बम नहर में बहा दिए गए। इसका वीडियो सामने आया है।
मामला जिले के सिराली का है। वीडियो गुरुवार रात करीब 8 बजे का है। जिसे आमासेल गांव के रहने वाले सोनू उपाध्याय नाम के किसान ने बनाया है।

किसान सोनू का दावा है कि सिराली नगर परिषद के तीन कर्मचारी नगर परिषद के वाहन से हजारों की संख्या में सुतली बम लेकर आए और यहां बहने वाली माचक नहर में इन्हें बहा दिया। किसान का कहना है कि नहर के पानी से किसान अपने खेतों में सिंचाई करते हैं। बावजूद इसके बारुद वाले इन बमों को यहां लाकर डाल दिया गया। लोगों ने जब कर्मचारियों से पूछा तो वे मौके से फरार हो गए।
तहसीलदार बोले- नष्ट करने को कहा था, नहर में फेंकने को नहीं
किसान सोनू का ये भी कहना है कि उसने खुद इस बारे में तहसीलदार वीरेंद्र उईके से बात की। जिस पर उन्होंने कहा कि पटाखे नष्ट करने के लिए कर्मचारियों का कहा है, लेकिन नहर में फेंकने के लिए नहीं कहा था।

नगर परिषद CMO ने कहा- तहसीलदार के कहने पर वाहन भेजा
इस मामले में नगर परिषद सिराली के सीएमओ राहुल शर्मा का कहना है कि तहसीलदार सिराली के मांगने पर वाहन भेजा गया था। लेकिन यह नहीं पता कि वाहन किस उपयोग के लिए ले जाया गया।

हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद जब्त किए थे पटाखे
मंगलवार को हरदा के बैरागढ़ क्षेत्र में एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया था। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई थी। जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने आरोपी राजेश अग्रवाल की बाकी पटाखा फैक्ट्रियों को सील किया। जिसमें हरदा से करीब 40 किलोमीटर दूर पीपलपानी फैक्ट्री भी शामिल है। यहां लाखों की संख्या में सुतली बम सुखाने के लिए रखे थे। जिसे प्रशासन ने जब्त किए थे। बताया जा रहा है कि नहर में वही सुतली बम बहाए गए है।



