MP की आर्थिक राजधानी इंदौर को सोलर सिटी बनाने हर घर सोलर अभियान आज से: औसत खपत 300 यूनिट है तो लगवाएं सोलर पैनल

इंदौर डेस्क :
इंदौर को सोलर सिटी बनाने के लिए मंगलवार से हर घर सोलर अभियान शुरू होने जा रहा है। रवींद्र नाट्य गृह में सुबह 11 बजे महापौर पुष्यमित्र भार्गव हर घर सोलर एप लॉन्चिंग के साथ इसकी शुरुआत करेंगे। सौर मित्र अभियान भी चलाया जाएगा। निगम क्यूआर कोड जारी करेगा। इस कोड को स्कैन कर कोई भी व्यक्ति संकल्प पत्र भर सकेगा।
यदि आपके घर बिजली की 300 यूनिट प्रतिमाह खपत है। मासिक बिजली का बिल 2 हजार रुपए तक आता है और एक हजार वर्गफीट छत है तो आप सोलर पैनल लगवा सकते हैं। तीन किलोवॉट का संयंत्र लगाने की लागत 1 लाख 24 हजार आएगी, जबकि सालाना 30 हजार रुपए की बचत भी हो सकेगी। स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट के तहत यह प्रोजेक्ट चलाया जाएगा।
इसके अलावा कोई भी उपभोक्ता बिजली विभाग के माध्यम से भी अपने घरों में सोलर प्लांट लगवा सकता है। इतना ही नहीं, 5 साल बाद इसे लगाने पर आई लागत भी वसूल हो जाती है। निगम के इस प्रोजेक्ट में सहयोगी अंकेश जोशी ने बताया कि हर जाेन में सार्वजनिक स्थानों पर यह बार कोड लगाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इससे जुड़ें।
300 मेगावॉट का टारगेट
निगम ने तीन साल में 300 मेगावॉट सौर ऊर्जा पैदा करने का लक्ष्य रखा है। अभी शहर में 41 मेगावॉट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र लगे हैं। अगले तीन महीनों में इसे 90 मेगावॉट तक लाना है। शहर में बिजली की खपत की बात करें तो शहर में रोजाना 550 से 600 मेगावॉट खपत होती है।
वहीं सौर ऊर्जा की संभावनाओं की बात करें तो निगम के जीआईएस डेटा के अनुसार शहर में 125 लाख वर्गफीट जगह उपलब्ध है। इसमें से 20 प्रतिशत जगह का उपयोग रूफ टॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए किया जा सकता है।
बिजली विभाग के पास घरेलू और व्यावसायिक मिलाकर 6 लाख 75 हजार 756 उपभोक्ता हैं। अब सौर ऊर्जा का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं की बात करें तो कुल 5 हजार 937 लोगों ने अपने घर व संस्थान में सौर ऊर्जा संयंत्र लगवा रखा है, जिसकी क्षमता 41.47 मेगावॉट ऊर्जा उत्पादन की है।
शहर में तीन चरणों में लगाएंगे सोलर प्लांट
- पहला : मई 2024 तक 90 मेगावॉट सौर ऊर्जा का उत्पादन करेंगे।
- दूसरा : मार्च 2025 तक शहर में कुल 200 मेगावॉट के सोलर प्लांट लगाए जाएंगे। इसमें जलूद में लगने वाला 60 मेगावॉट का सोलर एनर्जी प्लांट भी शामिल है।
- तीसरा : मार्च 2026 से मार्च 2027 तक 100 मेगावॉट के प्लांट लगाए जाएंगे। वर्तमान में 41 मेगावॉट के सोलर प्लांट शहर में हैं। इसे मई 2024 तक 90 मेगावॉट तक किया जाना है।
शहरवासियों को प्रेरित करेंगे, अभियान से जोड़ेंगे
शहरवासियों को सौर ऊर्जा उत्पादन से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न स्थानों पर सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे। हमें उम्मीद है कि पर्यावरण हित और बिजली खर्च में कमी के लिए पूरा शहर इस मुहिम में आगे आएगा।
– पुष्यमित्र भार्गव, महापौर



