मध्यप्रदेश

भाजपा की आला कमान की बड़ी बैठक दिल्ली में: मप्र को जल्द नया प्रभारी मिलेगा: सत्र के बाद तय होगा मंत्रिमंडल

भोपाल डेस्क :

भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव को हटाने की तैयारी है। उनकी जगह मप्र को जल्द नया प्रभारी मिलेगा। आगामी 22-23 दिसंबर को दिल्ली में भाजपा के सीनियर पदाधिकारियों की बड़ी बैठक रखी गई है, जिसमें प्रभारी का नाम तय हो जाएगा। जिन राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष नहीं हैं, वहां नई नियुक्ति भी हो जाएगी। नवंबर 2020 में राव मप्र के प्रभारी बनाए गए थे। राव उस समय भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की टीम में राष्ट्रीय महासचिव हुआ करते थे।

विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय आलाकमान ने अचानक राव की दखलंदाजी को कम कर दिया। कई महत्वपूर्ण व निर्णायक बैठकों में वे गैरहाजिर रहने लगे। दिल्ली ने प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव और सह चुनाव प्रभारी अश्विनी वैष्णव को भोपाल में बिठा दिया। अब चूंकि चुनाव हो गए हैं, इसलिए राव की भूमिका को लेकर केंद्रीय नेतृत्व निर्णय लेने वाला है। दिल्ली की बैठक में राव को हटाया जा सकता है।

मंत्रिमंडल… लोकसभा सीटों के गणित ने उलझाया मामला

सीएम डॉ. मोहन यादव कैबिनेट में मंत्रिमंडल की नियुक्ति कुछ दिन टल गई है। अब यह विधानसभा सत्र के बाद संभव है। दिल्ली में सभी संभागों से प्रस्तावित नामों पर चर्चा के बाद यह फाॅर्मूला बनाया गया कि जितने भी मंत्री बनें, उससे 29 लोस सीटें कवर हो जाएं। मंत्रिमंडल छोटा होने की वजह से सभी सीटें कवर नहीं हो रहीं। इसी उलझन को सुलझाने के लिए एक और बैठक दिल्ली में केंद्रीय नेताओं के साथ है।

डॉ. यादव ने कहा है कि कल दिल्ली में बैठक हुई है। जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि जितनी उनकी समझ है, सत्र के बीच में विस्तार (मंत्रिमंडल) नहीं होता है। ऐसा कोई नियम नहीं है, पर ऐसी मर्यादा रही है। मुझे लगता है इंतजार करना चाहिए।

शिवराज की भूमिका… रिजल्ट के बाद दिल्ली जाएंगे, आज नड्डा से मिलेंगे

चुनाव के नतीजे आने के 15 दिन बाद मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दिल्ली जा रहे हैं। उनकी मुलाकात राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से होगी। चौहान का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें बुलाया है तो मिलने जाऊंगा। माना जा रहा है कि शिवराज सिंह की भविष्य की भूमिका को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष बात करेंगे।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!