गर्मी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, खरगोन दुनिया का चौथा सबसे गर्म शहर: ग्वालियर-चंबल, रीवा में 16 से 20 मई के बीच बूंदाबांदी
न्यूज़ डेस्क :
मध्यप्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी से दो दिन बाद कुछ राहत मिलने के आसार हैं। फिलहाल ज्यादातर शहर भट्टी की तरह तप रहे हैं। खरगोन में शनिवार दिन का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया। यहां ये बीते 7 साल में सबसे ज्यादा तापमान है। पिछले साल 10 मई को खरगोन का पारा 45.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। खरगोन, पाकिस्तान के नवाबशाह, सिबी शहर और सऊदी अरब के दम्मम के बाद दुनिया में चौथा सबसे गर्म शहर रहा।
हालांकि, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के एक्टिव होने से ग्वालियर, रीवा-चंबल संभाग में 16 से 20 मई के बाद गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बाकी जगह गर्मी के तेवर तीखे ही रहेंगे। खासकर मालवा-निमाड़ खूब तपेंगे। यहां तापमान 44 डिग्री के आसपास रह सकता है। भोपाल-नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी का असर देखने को मिलेगा।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि रविवार को प्रदेश के उत्तरी इलाके ग्वालियर-चंबल संभाग में हल्के बादल रहेंगे। बाकी जगह मौसम साफ रहेगा। ग्वालियर, चंबल और रीवा संभाग में 16 से 20 मई के बीच बूंदाबांदी और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। बाकी जगह मौसम शुष्क ही रहेगा। वर्तमान में एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव है, लेकिन उसका ज्यादा असर नहीं है। एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस है, जो काफी नीचे रहेगा। इस कारण एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलेगा।
दुनिया के टॉप-10 सबसे गर्म शहर
| शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
| नवाबशाह (पाकिस्तान) | 47.2 |
| सिबी (पाकिस्तान) | 47.0 |
| दम्मम (सऊदी अरब) | 46.2 |
| खरगोन (भारत) | 46.0 |
| जैसलमेर (भारत) | 46.0 |
| मताम (सेनेगल) | 45.7 |
| बाड़मेर (भारत) | 45.7 |
| अकोला (भारत) | 45.6 |
| चूरू (भारत) | 45.6 |
| बहावलनगर (पाकिस्तान) | 45.4 |
शनिवार दिन को रिकॉर्ड हुआ अधिकतम तापमान
रतलाम की गर्मी खरगोन में शिफ्ट
देश में सबसे गर्म मध्यप्रदेश का खरगोन रहा। इसके बाद राजस्थान के जैसलमेर में 46 डिग्री टेम्प्रेचर दर्ज हुआ। जैसलमेर के अलावा बाड़मेर, अकोला, चुरू, कोटा, बीकानेर, झांसी, फलोदी और जलगांव में गर्मी ज्यादा रही। यहां 45 से 45.7 डिग्री तक तापमान दर्ज किया गया। मई महीने में पहली बार ग्वालियर, खरगोन, धार, गुना, रतलाम, शाजापुर, उज्जैन, दमोह और खजुराहो में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया।
खरगोन में एक ही दिन में 4 डिग्री तक तापमान बढ़ गया। इससे पहले लगातार 9 दिन तक रतलाम में सबसे ज्यादा तापमान था। यानी, रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म था। शनिवार को ग्वालियर में भी पहली बार पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, भोपाल में 2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ पारा 43.2 डिग्री तक पहुंच गया। यह इंदौर में 42.7 और जबलपुर में तापमान 41.1 डिग्री रहा। प्रदेश में सिर्फ पचमढ़ी ही ऐसा रहा, जहां तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया। बाकी शहरों में तापमान 40 डिग्री या इससे ज्यादा ही रहा।
देश के टॉप-10 सबसे गर्म शहर
| शहर | तापमान (डिग्री सेल्सियस में) |
| खरगोन (मध्यप्रदेश) | 46.0 |
| जैसलमेर (राजस्थान) | 46.0 |
| बाड़मेर (राजस्थान) | 45.7 |
| अहमदाबाद (गुजरात) | 45.6 |
| अकोला (महाराष्ट्र) | 45.6 |
| चूरू (राजस्थान) | 45.6 |
| पाटण (गुजरात) | 45.5 |
| कोटा (राजस्थान) | 45.4 |
| झांसी (उत्तरप्रदेश) | 45.3 |
| जलगांव (महाराष्ट्र) | 45.0 |
शनिवार दिन को रिकॉर्ड हुआ अधिकतम तापमान
आज भी हीट वेव का असर
प्रदेश के रतलाम, धार, शाजापुर और आगर में रविवार को भी हीट वेव यानी गर्म हवाएं चलेंगी। भोपाल में भी गर्म हवाएं चल सकती हैं, लेकिन स्पीड कम रहेगी।
राजस्थान से आ रहीं गर्म हवाओं ने बढ़ाई गर्मी
मध्यप्रदेश में गर्मी का असर बढ़ने की एक वजह राजस्थान और गुजरात का मौसम है। शनिवार को राजस्थान के जैसलमेर में तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, बाड़मेर, बीकानेर, चुरू, कोटा में तापमान 45 डिग्री या इससे ज्यादा ही रहा। गुजरात में भी ऐसी ही स्थिति है। वहां चल रही लू का असर मध्यप्रदेश में दिख रहा है। गुजरात से सटे या आसपास के जिले खरगोन, धार में भी गर्मी का असर बढ़ा है। वहीं, राजस्थान से सटे शाजापुर, आगर, उज्जैन में पारा 42 से 44 डिग्री से ज्यादा ही है।
मौसम वैज्ञानिकों की सलाह… लू से ऐसे बचें
- बारिश, आंधी या ओलावृष्टि का सिस्टम नहीं है। बादल भी नहीं छा रहे हैं। इस कारण सूरज की रोशनी सीधे धरती पर आ रही है। जिससे गर्मी का असर बढ़ा है। दिन में धूप में निकलने से बचे।
- हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें।
- अपने सिर को कपड़े या टोपी से ढंककर रखें।
- पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।



