प्रदेश कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक में जीत पर खुशी मनाई: गूंजा ‘जय सियाराम’, दिग्गी राजा बोले इतना बहुमत लाएंगे कि जोड़तोड़ की गुंजाइश नहीं मिलेगी
भोपाल डेस्क :
कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर मध्यप्रदेश कांग्रेस में भी जश्न का माहौल है। भोपाल स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक में जीत पर खुशी मनाई। जमकर आतिशबाजी की, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और बधाई दी। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष संतोष कंसाना हनुमान जी की तस्वीर लेकर पार्टी ऑफिस पहुंचीं थी। पार्टी नेताओं ने कर्नाटक में कांग्रेस की जीत को बजरंग बली का आशीर्वाद बताया। कांग्रेस के जिला कार्यालयों में भी कार्यकर्ताओं ने खुशी मनाई। कई जगह जय सियाराम के नारे लगाए गए। वहीं, बीजेपी ने कर्नाटक के चुनाव परिणाम को वहां का ट्रेंड बताया।
कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर एमपी कांग्रेस के नेताओं क्या कहा,

कमलनाथ बोले- MP में भी कांग्रेस सरकार बनेगी, कार्यकर्ता कमर कस ले
मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि कर्नाटक की जीत ने दिखा दिया है कि जनता सच्चाई का साथ देती है। मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। यहां सौदेबाजी की राजनीति समाप्त होगी। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अब मध्यप्रदेश चुनाव के लिए अपनी कमर कस ले।
इतना बहुमत लाएंगे कि जोड़तोड़ की गुंजाइश नहीं मिलेगी: दिग्विजय सिंह

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा का दक्षिण भारत में सफाया हो गया है। एमपी में चुनाव के बाद देखेंगे कि सेंट्रल इंडिया से भी बीजेपी का सफाया हो जाएगा। इस बार इतना बहुमत लाएंगे कि जोड़तोड़ की गुंजाइश ही नहीं मिलेगी। दिग्विजय सिंह ने एमपी में 140 सीटें जीतने का दावा किया है। वहीं कर्नाटक में बीजेपी के प्लान बी के मीडिया के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कोई सिंधिया नहीं है। वहां मजबूत कांग्रेसी हैं।
बीजेपी बोले-कर्नाटक की ट्रेंड ही ऐसा, एक बार ये, एक बार वो
BJP के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- कर्नाटक की जनता का फैसला सर्वमान्य है। वहां का ट्रेंड ‘एक बार ये, एक बार वो’ का रहा है। मध्यप्रदेश में इसका कोई असर नहीं पड़ेगा। यहां हमने जबरदस्त काम किया है। मिस्टर बंटाधार रहेंगे तो कांग्रेस का सफाया होगा। आगे आप देखिएगा क्या होगा।
बजरंग बली ने सिखाया- सेवा से देश-प्रदेश को आगे ले जा सकते हैं
हाल ही में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने कहा- भगवान बजरंग बली के नाम को लेकर चुनाव लड़ा गया। बजरंग बली देवता नहीं थे, वह भगवान राम के भक्त थे, सेवक थे बजरंग बली ने हमें सिखाया है कि हम भी सेवा करके देश और प्रदेश को आगे ले जा सकते हैं, न कि उनके नाम का उपयोग करके। मेरे अंदर व्यक्तिगत उत्साह है।
BJP को बजरंग बली ने सबक सिखा दिया है
कांग्रेस विधायक तरुण भनोट ने कहा- वे (BJP) इसी प्रकार धर्म के नाम पर लोगों को बांटते रहेंगे, तो प्रभु का आशीर्वाद कभी नहीं मिल सकता। आज शनिवार है, बजरंग बली का विशेष दिन है और कांग्रेस पार्टी को उनका आशीर्वाद मिला है। बजरंग बली ने भाजपा को सबक सिखा दिया है।
बजरंग बली जीते और बजरंग दल हार गया
पूर्व मंत्री उमंग सिंघार ने कहा- यह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की जीत है। एक तरफ बजरंग दल था, दूसरी तरफ बजरंग बली थे। बजरंग बली जीते और बजरंग दल हार गया।
दूल्हे ने लहराया कांग्रेस का झंडा
विदिशा में दूल्हा बने कांग्रेस के एक नेता ने अपनी बारात के दौरान ही कर्नाटक में कांग्रेस की जीत का जश्न मनाया। प्रदेश कांग्रेस के सचिव सागर मोतियानी ने घोड़ी पर बैठकर कांग्रेस का झंडा लहराया। बारात के दौरान ही उसे कांग्रेस की जीत की खबर मिली थी। जिसके बाद उसने कांग्रेस और युवक कांग्रेस का झंडा हाथ में उठाकर खुशी जाहिर की।



