भोपाल स्टेशन नई बिल्डिंग का लोकार्पण 7 को: फूड से लेकर किड्स जोन तक सारे काम पूरे
भोपाल डेस्क :
भोपाल रेलवे स्टेशन पर बनाई गई करीब 7 करोड़ की नई बिल्डिंग का लाेकार्पण 7 मई को होगा। बुकिंग-करंट काउंटर से लेकर इंक्वायरी सिस्टम तक की टेस्टिंग रेल प्रशासन ने कर ली है। साथ ही स्टेशन मैनेजर, कमर्शियल स्टेशन मैनेजर, हेड टीसी ऑफिस के अलावा बेबी फीडिंग रूम भी बनकर तैयार है। रेलवे के जीएम सुधीर गुप्ता गुरुवार को भाेपाल स्टेशन की नई बिल्डिंग का जायजा लेंगे।
इतिहास की जानकारी भी
गेट के दायीं और बाईं तरफ की दीवारों पर बौद्धकालीन सीनरी व पेंटिंग्स लगाई हैं। इनमें बौद्धकालीन इतिहास से संबंधित जानकारियां डिस्प्ले हैं। बड़े तालाब सहित भोपाल के अन्य ऐतिहासिक स्थलों की पेंटिंग्स भी यहां पर बनाई गई हैं।
दाईं तरफ ऑफिस और फीडिंग रूम
एंट्री गेट के दाईं तरफ स्टेशन मैनेजर, कमर्शियल ऑफिसर के चैंबर बनाए गए हैं। साथ में फूड जोन के लिए स्मॉल ग्लास चैंबर है। ऑफिसर्स के चेंबर के नजदीक एरिया में ही किड्स जोन और बेबी फीडिंग रूम भी बनाया गया है।
यात्रियों और ट्रेनों की स्थिति
- 65 हजार यात्री औसतन भोपाल स्टेशन पर आते हैं रोजाना
- 145 ट्रेनें स्पेशल सहित यहां से गुजरती हैं हर दिन
लॉकर व डिजिटल लॉकर्स
दाईं तरफ ही लॉकर और डिजिटल लॉकर्स रूम हैं। इनकी शुरुआत करीब तीन महीने पहले हो चुकी है। यहां वॉल पर ऊपर की तरफ पैसेंजर गाइडेंस बोर्ड लगाया गया है। यहां यात्रियों को वहां मौजूद सुविधाओं की जानकारी मिलेगी।



