विदिशा

विदिशा में नपा पर 95 लाख का बिल बकाया: बिजली कनेक्शन काटा, रात में कंपनी ऑफिस में फेंका कचरा व मरी गाय

विदिशा डेस्क :

नगर पालिका पर लंबे समय से बकाया 95 लाख का बिजली बिल नहीं भरने पर कंपनी ने मंगलवार दोपहर कनेक्शन काट दिया। कई घंटों तक जब बिजली नहीं आई तो नपा कर्मचारी गर्मी से बेहाल हो गए। कार्यालय में कम्प्यूटर संबंधी काम अटके और दूसरी योजनाओं के काम भी नहीं हो पाए। जब नपा कर्मचारियों को पता चला तो उन्होंने चोरी से बिजली कनेक्शन जोड़ लिया।

इसकी सूचना मिलते ही बिजली कंपनी जोन-1 के डीई ने दूसरी बार फिर से कनेक्शन काट दिया। रात में बिजली कंपनी के सिटी कार्यालय पर किसी ने कचरा व मरी गाय फेंक दी। बिजली कंपनी के अफसरों का आरोप है कि नपा के कर्मचारियों ने ही कचरा व मरी गाय डाली है। जब मामला कलेक्टर तक पहुंचा तो उन्होंने सामंजस्य बनाने का प्रयास किया पर कचरा फेंकने की घटना के बाद लगता है विवाद का कोई हल नहीं निकला है।

दरअसल, मामला इसलिए बिगड़ा क्योंकि बार-बार ताकिद करने के बाद भी नगर पालिका ने बिजली बिल नहीं भरा। इसलिए मंगलवार को कंपनी ने नपा की बिजली काट दी। कनेक्शन कटने के घंटेभर बाद नपा कर्मचारियों ने चोरी से खुद ही लाइन जोड़कर सप्लाई चालू कर ली। इसकी जानकारी लगने पर बिजली कंपनी जोन-1 के डीई ने मौके पर पहुंचकर नपा का बिजली कनेक्शन फिर से कटवा दिया। रात आठ बजे कोई अज्ञात कंपनी कार्यालय में गंदगी, कचरा और एक मरी हुई गाय फेंक गया। अफसरों का आरोप है कि नपा के कर्मचारियों ने गंदगी डाली है।

कलेक्टर के कहने पर शाम को जोड़ दिया था
कलेक्टर के कहने पर कंपनी के अमले ने नपा का कनेक्शन फिर से जोड़ दिया था। इसके बावजूद कंपनी कार्यालय में कचरा व मरी हुई गाय फेंक दी गई। इससे कंपनी के अफसरों में नाराजगी है रात करीब 8.30 बजे कंपनी के दफ्तर भवन के ठीक सामने बड़ी मात्रा में कचरा पड़ा हुआ था, वहीं कचरे के कुछ दूर ही एक गाय भी मरी पड़ी हुई थी। इस मामले में नपा अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा का कहना था -मुझे मामले की जानकारी ही नहीं है।

3 महीने से नपा ने जमा नहीं की बकाया राशि
नपा के अधिकारियों को बकाया बिल जमा करने के लिए 15 दिन का टाइम दिया गया था। समय देने के बाद भी जब बिल की राशि जमा नहीं की गई तो मजबूरी में कनेक्शन काटना पड़ा। तीन महीने से नपा ने बिजली बिल की कोई राशि जमा नहीं की है। लंबे समय से बकाया राशि जमा नहीं किए जाने से नपा का बिजली बिल मय सरचार्ज के करीब 95 लाख पर पहुंच गया है।
-अंकुर मिश्रा, डीई, जोन-1 बिजली कंपनी विदिशा।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!