न्यूज़ डेस्क

10 से अधिक राज्यों में 2 दिन ओले-बारिश का अलर्ट: पारा 5 डिग्री तक गिर सकता है, भोपाल समेत 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 20 से नीचे रहने के आसार

न्यूज़ डेस्क :

देश के कई राज्यों में इन दिनों सावन वाली फीलिंग हो रही है। राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में मूसलाधार बारिश का दौर बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर पश्चिम में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में मौसम 3 मई तक ऐसा ही रहेगा, उसके बाद 4 मई से बदलाव की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में इन राज्यों के कई इलाकों में ठिठुरन भी बढ़ी है। MP के भोपाल में रविवार को न्यूनतम तापमान दोपहर 2.30 बजे 18.6 डिग्री तक चला गया। राजस्थान में भी ऐसा ही हाल रहा। 9 शहरों का तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा। राज्य के जयपुर, सीकर, नागौर, अलवर, बारां, बीकानेर समेत ज्यादातर इलाकों में बारिश और ओले गिरे। दिल्ली, पंजाब, बिहार, UP में भी तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट देखी गई।

इन 11 शहरों में अगले 2 दिन न्यूनतम तापमान 20 या उससे कम रहने का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, देहरादून, पुणे, दिल्ली, भोपाल, जबलपुर, कोहिमा, भीलवाड़ा, जालंधर, बरेली, गया, और हरदोई में 2 और 3 मई को न्यूनतम तापमान 20 या उससे कम रहने का अनुमान है।

अब 2 सवाल जिनके जवाब आप जानना चाहते हैं…

1. MP में आखिर इतना ठंडा मौसम कैसे हो गया: मध्यप्रदेश में मौसम केंद्र के डायरेक्टर आर. बालासुब्रह्मण्यन ने बताया कि जमीन से 6 किमी ऊपर तक नमी ही नमी है, फ्रीजिंग लेवल 4 किमी ऊपर है। इसलिए राज्य में कई जगह ओले गिरे हैं और पारा लुढ़का है।

2. राजस्थान में इतनी बारिश और नमी की बड़ी वजह क्या है: राज्य के आस-पास दो सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय हैं। पहला पाकिस्तान से सटे इलाकों में है, जो पश्चिमी राजस्थान में बारिश दे रहा है। दूसरा सिस्टम दक्षिणी राजस्थान में MP-गुजरात से लगते इलाकों में एक्टिव है। इन दोनों सिस्टम को अरब सागर से नमी मिल रही है।

इसी तरह छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में 0.9 किमी ऊंचाई पर भी चक्रवाती हवा का घेरा बना है। ये बंगाल की खाड़ी से नमी खींच रहा है। ये नमी जमीन से ऊपर छह किमी ऊंचाई तक है। यही नमी बादल बना रही है। विदर्भ से लेकर कर्नाटक तक बनी ट्रफ लाइन इन दोनों जगह की नमी से बारिश करा रही है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!