न्यूज़ डेस्क

महाराष्ट्र भूषण इवेंट में हीटस्ट्रोक के चलते 11 लोगों की मौत: 24 लोगों का इलाज जारी; चिलचिलाती धूप में कई लोगों की तबीयत बिगड़ी

न्यूज़ डेस्क :

महाराष्ट्र के नवी मुंबई में रविवार को महाराष्ट्र भूषण इवेंट में हीटस्ट्रोक के चलते 11 लोगों की मौत हो गई। 24 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मरने वालों में 8 महिलाएं हैं, इनमें ज्यादातर बुजुर्ग हैं। नवी मुंबई के खारघर के एक बड़े मैदान में सुबह 11.30 बजे से 1 बजे तक यह कार्यक्रम चला। इस दौरान दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री था।

इस इवेंट में गृहमंत्री अमित शाह ने समाजसेवी दत्तात्रेय नारायण को अवॉर्ड दिया। इवेंट में उनके लाखों प्रशंसक शामिल हुए थे। सभी लोग कार्यक्रम देख और सुन सकें, इसके लिए मैदान में ऑडियो और वीडियो फैसिलिटी का पूरा प्रबंध किया गया था, लेकिन लोगों के बैठने के लिए जो व्यवस्था की गई थी, उसके ऊपर कोई शेड नहीं लगाया गया था। इवेंट में धूप और गर्मी से कई लोगों की तबीयत खराब हो गई।

कार्यक्रम में लाखों लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम को सुबह 10.30 बजे खत्म होना था, लेकिन दोपहर एक बजे तक चला। उसके बाद भीड़ में लोगों को निकालने में समय लगा। डिहाइड्रेशन की वजह से कई लोगों को चक्कर आने लगे और तबीयत बिगड़ गई।

मृतकों के परिवार को 5-5 लाख रुपए का मुआवजा देगी राज्य सरकार
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लू के चलते अस्पताल में भर्ती हुए लोगों से मिलने गए। अस्पताल से बाहर निकलने पर उन्होंने मीडिया को बताया कि इवेंट में 7-8 लोगों की जान गई है, जबकि 50 लोगों को लू लगने पर अस्पताल में भर्ती किया गया था। इनमें से 24 लोगों का इलाज जारी है, बाकी लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है।

उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया।

फडणवीस ने ट्वीट किया कि सरकार इन सभी लोगों के इलाज का पूरा खर्चा उठाएगी। उन्होंने लिखा कि यह बहुत दुख की बात है कि महाराष्ट्र भूषण अवॉर्ड समारोह में भाग लेने वाले कुछ सदस्यों की लू लगने से मौत हो गई। हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं।

उद्धव ठाकरे और अजित पवार ने घटना की जांच की मांग की
पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमने ट्रीटमेंट ले रहे लोगों से मुलाकात की है, 4-5 लोगों से बात की है। दो लोग गंभीर हालत में हैं। इवेंट ठीक तरीके से प्लान नहीं किया गया था। इसकी जांच कौन करेगा?

NCP नेता अजित पवार ने अस्पताल जाकर पीड़ितों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में हमने देखा एक पेशेंट वेंटिलेटर पर है, उसकी हालत गंभीर है। बाकी लोगों ने हमसे बात की। यह बहुत ही गंभीर हादसा था, इसकी जांच की जानी चाहिए।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!