दिग्विजय सिंह ने लाडली बहना योजना को बताया चुनावी स्टंट: शमशाबाद में कार्यकर्ताओं की बैठक में बोले कमलनाथ के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी
विदिशा डेस्क :
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सक्रिय हो गए हैं। चुनाव को लेकर दिग्विजय सिंह उन विधानसभा का दौरा कर रहे हैं, जिन विधानसभा में कांग्रेस पिछले तीन चुनावों में जीत हासिल नहीं कर सकी। इसी को लेकर दिग्विजय सिंह सोमवार को शमशाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से चर्चा की। सरकार की लाडली बहना योजना को भी दिग्विजय ने चुनावी स्टंट बताया। उनका कहना था कि भाजपा की सरकार 2003 में आई थी, अगर 15 महीनों को छोड़ दिया जाए तो बाकी के 18 साल में बहना की याद क्यों नहीं आई एक चुनावी स्टंट है। अभी फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर बहना के पति जीजाजी पर कार्रवाई हो रही है, उनके घर की तलाशी ली जा रही है। बिजली के बिल के नाम पर कुर्की हो रही है।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा- आगामी विधानसभा चुनाव कमलनाथ के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। बहुमत से ज्यादा सीटें कांग्रेस की आएंगी। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने महानीम चौराहे पर आयोजित मंडल व सेक्टर स्तर पर पार्टी में काम करने वाले कार्यकर्ताओं से वन टू वन किया।



