न्यूज़ डेस्क

BREAKING – माता-पिता की आंखों के सामने 3 बच्चों की जलकर मौत: घर के पास ही कुआं खोद रहे परिजन बाहर आए तो लपटों में घिरा देखा, प्रशासन ने सहायता राशि की मंजूर

न्यूज़ डेस्क :

बड़वानी में घर में लगी आग में तीन मासूम जिंदा जल गए। चूल्हे की चिंगारी से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। घटना के समय माता-पिता पास में ही कुआं खोद रहे थे। धुआं उठता देख वे बाहर आए ,तो बच्चों को लपटों में घिरा देखा। उनकी आंखों के सामने तीनों की जलकर मौत हो गई। इस घटना में 4 बकरी और एक बैल की भी मौत हो गई।

मामला जिले के चेरवी के बोरकुंड में सोमवार सुबह 11 से 12 बजे के बीच का है। यहां रहने वाले राजाराम नरगांवे अपनी पत्नी के साथ घर के पास ही कुएं की खुदाई कर रहे थे। उनके 3 बच्चे मुकेश (10 वर्ष ), राकेश (8 वर्ष) और आकेश (6 वर्ष) घर में खेल रहे थे। यह झोपड़ी एक तरफ से ईंट की दीवार और तीन तरफ से झाड़ियों (कपास और तुअर के डंठल) से बनी हुई थी।

आग की लपटों में घिरे थे बच्चे
आग लगने के कुछ देर बाद परिजनों ने धुआं उठता देखा तो 12 फीट गहरे कुंए से बाहर निकले। उनका घर जल रहा है। तीनों बच्चे आग की लपटों में घिरे हुए थे। उन्होंने बच्चों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी भयानक थी कि वे अंदर नहीं जा पाए। घटना की जानकारी लगते ही एसपी पुनीत गेहलोद, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत पटेल और पाटी थाना पुलिस वहां पहुंची। एफएसएल की टीम ने भी जांच की।

पिता बोले- सब कुछ जलकर खाक हो गया
राजाराम नरगांवे ने बताया कि हमारा घर कातर फलिया बोरकुंड में है। मैं सुबह 9 बजे खाना खाकर पत्नी के साथ कुआं खोदने घर से करीब 200 मीटर दूर चला गया। थोड़ी देर के बाद बच्चों की आवाज आई। बाहर देखा तो धुआं नजर आया। हम तुरंत 10-12 फीट गहरे कुएं से बाहर निकले और आसपास के लोगों की मदद से आग को बुझाने की कोशिश की। लेकिन तब तक तीनों की जलने से मौत हो चुकी थी। वहीं, एक बैल, चार बकरियां, 23 बोरी सोयाबीन, मक्की 6 क्विंटल, 2 बोरी ज्वार, 12 क्विंटल बाजरा पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। केवल मैंने और मेरी पत्नी गुड़ी बाई ने जो कपड़े पहनने हैं, वे ही बचे। बाकी सब कुछ जलकर खाक हो गया।

प्रशासन ने सहायता राशि की मंजूर
प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को ही कलेक्टर डॉ. राहुल फटिंग, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंत सिंह पटेल एवं एसडीएम बड़वानी घनश्याम धनगर घटना स्थल पर पहुंचे। कलेक्टर ने प्रभावितों को 30 हजार रुपए की राशि का चेक रेडक्रास सोसायटी के माध्यम से दिया है। साथ ही 3 बच्चों की मृत्यु होने पर आरबीसी 6(4) की धारा के तहत 13 लाख 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता तथा घर में रखी हुई वस्तुएं आग से नष्ट होने पर 1 लाख 91 हजार रुपए की राहत राशि स्वीकृत की है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!