अब मिलेगी गारंटेड जॉब: मध्यप्रदेश में देश का पहला ह्यूमन कैपिटल बैंक, 18 से 35 की उम्र के 10वीं पास युवाओं को ट्रेनिंग देंगे
न्यूज़ डेस्क :
देश का पहला ह्यूमन कैपिटल बैंक बीते मार्च में मप्र के शुजालपुर में शुरू हो गया है। इसे बैंकिंग कॉन्सेप्ट पर तैयार किया गया है यानी यहां स्किल्ड लोग होंगे, जिन्हें पहले ट्रेनिंग, फिर गारंटेड जॉब भी दी जाएगी। भविष्य में देश में जहां भी ऐसे लोगों की जरूरत होगी, इन्हें भेजा जाएगा। इसे स्टेट ओपन स्कूल बोर्ड ने शुरू किया है। प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार की ग्रीन जॉब काउंसिल और हैंडीक्राफ्ट एंड कार्पेट काउंसिल में एमओयू हुआ है।
सार्वजनिक बैंकों से भी टाइअप किया गया है। इस सेंटर में एडमिशन के लिए स्कूलों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से दसवीं पास 18 से 35 साल तक के युवाओं का डाटा मंगाया गया है। बोर्ड के डायरेक्टर पीआर तिवारी के मुताबिक, ट्रेनिंग की नोडल एजेंसी एमपीकॉन है। जब यहां ट्रेंड युवाओं को जॉब मिल जाएगा, तब उनकी सैलरी में से हर महीने 5 दिन के पैसे काट कर लागत वसूली जाएगी। यहां ट्रेनिंग देने वाली 20 लोगों की टीम को त्रिपुरा में प्रशिक्षण दिलाया गया है।
4 सेगमेंट में ट्रेनिंग : बेम्बू, ग्रीन एनर्जी, हैंडलूम और माटी कला
- बेम्बू से घरों में कपड़े लटकाने के लिए हैंगर, पानी पीने की बोतल, फर्नीचर आदि बनाना सिखाएंगे।
- शुजालपुर सेंटर में एक हैंडलूम और तीन पैडल लूम लगाए हैं। इनमें कपड़ा बनाना और डिजाइन करना सिखाएंगे। हायर इनकम ग्रुप के लोगों को उनकी पसंद के कपड़े बनाकर दिए जाएंगे। इसका एक पोर्टल भी तैयार होगा।
- मिट्टी से बने प्रोडक्ट, शोपीस, गमले, गुल्लक वगैरह।
- ग्रीन एनर्जी में हर गांव में प्रशिक्षित युवाओं को सेल्समैन टेक्नीशियन नियुक्त किया जाएगा। वहां यह 10 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल लगाएंगे। इनकी एक शॉप भी रहेगी, जिस पर एलईडी बल्ब बेचे जाएंगे। इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए हर गांव में एक चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा। यह प्रशिक्षित युवा स्कूल ड्यूटी करेंगे। इसके लिए इन्हें बैंक से लोन दिलाया जाएगा। लोन की गारंटी बोर्ड द्वारा ली जाएगी।
बड़ा सवाल- प्रोजेक्ट का नाम ह्यूमन कैपिटल बैंक क्यों?
नेशनल पॉलिसी फॉर स्किल डेवलपमेंट एंड एंटरप्रेन्योरशिप के आंकड़ों के मुताबिक, हमारे यहां 62% जनसंख्या की उम्र 15 से 59 साल के बीच है। यह डेमोग्राफिक डिविडेंड अगले 25 साल तक रहेगा। हमारे यहां अभी स्क्रीन फोर्स की संख्या सिर्फ 5.4% है जबकि साउथ कोरिया में 96% और अमेरिका में यह 52% है। यूएनओ द्वारा तय किए गए ह्यूमन कैपिटल इंडेक्स में बाल मृत्यु दर और प्राइमरी एजुकेशन को शामिल किया गया है।
- यूएन की टर्मिनोलॉजी में पहले से ही ह्यूमन कैपिटल इंडेक्स शब्द प्रचलित है। कार्यशील बेरोजगार जनसंख्या को हमेशा भार माना जाता है। इसी दृष्टिकोण बदलने के लिए कार्यशील जनसंख्या समूह को मानव धन यानी ह्यूमन कैपिटल मानते हुए इस प्रोजेक्ट का नाम ह्यूमन कैपिटल बैंक रखा गया।



