आज राजधानी भोपाल में पीएम मोदी: वंदे भारत को हरी झंडी दिखाएंगे कमांडर कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे, ट्रेन में बच्चों से बात भी करेंगे
भोपाल डेस्क :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भोपाल दौरे पर आ रहे हैं। वे सुबह 9:25 बजे विमान से राजाभोज एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। मोदी दोपहर 3:15 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ट्रेन के कोच में ही मोदी बच्चों से भी बात करेंगे। इससे पहले वे कुशाभाऊ कन्वेंशन सेंटर में चल रही तीनों सेनाओं की कंबाइंड कमांडर कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे। पीएम की सुरक्षा में SPG, ASL, 25 आईपीएस समेत 2500 पुलिस बल तैनात रहेगा।
एयरपोर्ट से लाल परेड तक हेलिकॉप्टर से आएंगे
पीएम मोदी दिल्ली से सुबह 8.05 बजे विशेष विमान से उड़ान भरेंगे। विमान से सुबह 9.25 बजे भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सुबह 9.30 बजे हेलिकॉप्टर से लाल परेड मैदान पहुंचेंगे। जहां से सड़क मार्ग से कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। यहां वे सीडीएस, तीनों सेनाओं के प्रमुखों से मिलेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह 10.05 बजे वे कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी 3.05 बजे तक रहेंगे।
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पहला एंट्री गेट रिजर्व
रेलवे अफसरों ने बताया कि रानी कमलापति के प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पहले एंट्री गेट को पीएम मोदी के लिए रिजर्व किया गया है। इस गेट से पीएम मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत दूसरे वीआईपी को एंट्री दी जाएगी। इसके लिए यहां स्पेशल पाथ-वे कॉरिडोर बनाया गया है, जबकि ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने वाले बच्चों और दूसरे गेस्ट को स्टेशन के प्लेटफॉर्म 5 की ओर एंट्री दी जाएगी।
कोच में बच्चों से करेंगे बात
पीएम मोदी वंदे भारत ट्रेन को रवाना करने से पहले दिन सफर करने वाले स्कूली बच्चों से बात करेंगे। यह संवाद ट्रेन के कोच में होगा। इसके लिए बच्चों को कोच में मोदी के स्टेशन पहुंचने के पहले बिठाया जाएगा। अफसरों के मुताबिक बच्चों का सिलेक्शन स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता कराकर किया गया है।
बीयू हेलीपेड से एयरपोर्ट के लिए भरेंगे उड़ान
वंदे भारत ट्रेन के शुभारंभ के बाद पीएम कार से बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी ग्राउंड जाएंगे। यहां से 3.45 बजे सेना के हेलिकॉप्टर से राजाभोज एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। जहां से शाम 5.30 बजे सेना के विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
पीएम का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
- 8:05 बजे दिल्ली से एयरफोर्स के विमान से रवाना होंगे।
- 9:25 पर भोपाल ओल्ड एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का आगमन होगा।
- 9:30 बजे ओल्ड एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर से पीएम रवाना होंगे।
- 9:50 पर लाल परेड मैदान के हेलीपेड से आगमन होगा।
- 10:00 कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में कंबाइंड कमांडर कॉन्फ्रेंस में पहुंचेंगे।
- 3:05 कुशाभाऊ ठाकरे सभागार से कार द्वारा रवाना होंगे।
- 3:15 रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे, यहां वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
- 3:35 कार से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से बीयू परिसर के हेलीपैड के लिए रवाना होंगे
- 3:45 बीयू के हेलीपेड से भोपाल एयरपोर्ट के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना
- 4:10 भोपाल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।



