IPL में गुजरात चेन्नई को लगातार तीसरा मैच हराया: सीजन के पहले मुकाबले में टाइटंस ने 5 विकेट से हारी चेन्नई, गिल ने बनाए 63 रन
खेल डेस्क :
डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वें सीजन में जीत से शुरुआत की है। टीम ने 4 बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स को रोमांचक मुकाबले में 5 विकेट से हराया। यह गुजरात की चेन्नई पर लगातार तीसरी जीत है। टीम को आखिरी ओवर में 8 रनों की जरूरत थी। जिसे डिफेंडिंग चैंपियन ने 4 बॉल रहते हासिल कर लिया। राहुल तेवतिया ने विजयी चौका जमाया।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुक्रवार रात गुजरात के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। यहां टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 178 रन बनाए। 179 रनों का टारगेट गुजरात टाइटंस ने 19.2 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया। राशिद खान प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए।
गायकवाड की पारी पर गिल ने फेरा पानी, डेब्यूटेंट हेंगरगेकर ने भी छोड़ी छाप
पहले बैटिंग करने उतरी चेन्नई के ओपनर ऋतुराज गायकवाड ने सबसे ज्यादा 92 रन बनाए। मोइन अली ने 23 रन बनाए। मिडिल ऑर्डर पर शिवम दुबे ने 19 और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने नाबाद 14 रन बनाए।
GT के लिए मोहम्मद शमी, राशिद खान और अल्जारी जोसेफ ने 2-2 विकेट लिए।
जवाबी पारी में गुजरात के ओपनर शुभमन गिल ने 36 बॉल पर 63 रन बनाए। फिर विजय शंकर ने 27 रन की टिकाऊ पारी खेली। जबकि रिद्धिमान साहा ने 16 बॉल पर 25 बनाकर अपनी टीम को तेज शुरुआत दिलाई। टीम ने पावर प्ले के 6 ओवर में 65 रन बना लिए थे। साई सुदर्शन ने भी अहम 22 रनों का योगदान दिया। उन्होंने गिल के साथ 35 बॉल पर 53 रन की साझेदारी की।
चेन्नई की ओर से IPL का डेब्यू मैच खेल रहे राजवर्धन हेंगरगेकर ने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट लिए। रवींद्र जडेजा और तुषार देशपांडे को एक-एक विकेट मिला।
अब जानिए मैच के टार्निंग पॉइंट्स…
- गायकवाड का विकेट पहली पारी में ऋतुराज गायकवाड का विकेट चेन्नई सुपर किंग्स की हार की वजह बना। गायकवाड 92 रन बनाकर 18वें ओवर की पहली बॉल पर आउट हुए। इस वक्त CSK का स्कोर 151/5 था। टीम आखिरी 17 बॉल में 28 रन ही बना सकी और अहमदाबाद की बैटिंग पिच पर 200 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी। शुभमन गिल ने अल्जारी जोसेफ की बॉल पर गायकवाड का कैच पकड़ा।
- शुभमन गिल की पारी 179 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने पहले रिद्धिमान साहा के साथ 37 और फिर साई सुदर्शन के 53 रन की पार्टनरशिप की। वह 15वें ओवर तक टिके रहे और 36 बॉल में 63 रन की पारी खेलकर आउट हुए। इस वक्त टीम का स्कोर 138/4 था।
- विजय शंकर का विकेट दूसरी पारी के 18वें ओवर में विजय शंकर का विकेट गुजरात के लिए ही टर्निंग पॉइंट रहा। उनके आउट होने के बाद राशिद खान बैटिंग पर आए। उन्होंने 3 बॉल में एक छक्का और एक चौका लगाकर मैच गुजरात के पक्ष में डाल दिया। आखिरी ओवर में टीम को 8 रन की जरूरत थी। राहुल तेवतिया ने फिर शुरुआती 2 गेंद पर ही एक छक्का और एक चौका लगाकर टीम को 3 विकेट से जीत दिला दी। मिचेल सैंटनर ने विजय शंकर का शानदार कैच पकड़ा।
अब कुछ पॉइंट्स में देखिए मैच में बने रिकॉर्ड…
- मोहम्मद शमी के 100 विकेट पूरे गुजरात के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के IPL में 100 विकेट पूरे हो गए हैं। इस मैच के बाद शमी के नाम 101 विकेट हैं। वे ऐसा करने वाले 8वें भारतीय पेसर बने हैं।
- गायकवाड के GT के खिलाफ सबसे ज्यादा रन ऋतुराज गायकवाड (92 रन) IPL में गुजरात टाइटंस के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने जोस बटलर (89 रन) को पीछे छोड़ा।
- गायकवाड IPL की 37 इनिंग के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय ऋतुराज गायकवाड IPL की 37 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। गायकवाड के नाम 1299 रन हो गए हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर (1271 रन) को पीछे छोड़ा।
गिल-सुदर्शन की अर्धशतकीय साझेदारी
ओपनर शुभमन गिल ने गुजरात के इम्पैक्ट प्लेयर के साथ मिलकर 35 बॉल पर 53 रनों की अर्धशतकीय साझेदारी की। टीम ने 37 रन पर पहला विकेट गंवाया था। ऐसे में इस साझेदारी ने टीम को पहले झटके से उबारा और स्कोर 90 रन पहुंचाया। यहां सुदर्शन 22 रन बनाकर आउट हुए।
पावर प्ले में गुजरात की विस्फोटक शुरुआत
179 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात को शुभमन गिल और रिद्धिमान साहा ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 37 रन की पार्टनरशिप की, साहा 25 रन बनाकर राजवर्धन हंगरगेकर का शिकार हुए। गिल ने साई सुदरशन के साथ पारी आगे बढ़ाई और पावरप्ले के 6 ओवर में टीम का स्कोर 65 तक ले गए।
यहां चेन्नई सुपर किंग्स की पारी…
गायकवाड का अर्धशतक, चेन्नई ने बनाए 178 रन
टॉस हारकर बैटिंग करने उतरे चेन्नई के बल्लेबाजों ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 178 रन बनाए। ओपनर ऋतुराज गायकवाड ने सबसे ज्यादा 92 रन बनाए। मोइन अली ने 23 रन बनाए। मध्य क्रम पर शिवम दुबे ने 19 और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 14 रन बनाए। GT के लिए मोहम्मद शमी, राशिद खान और अल्जारी जोसेफ ने 2-2 विकेट लिए।
शतक से चूके गायकवाड
चेन्नई सुपर किंग्स को ओपनर ऋतुराज गायकवाड ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई। उन्होंने पहले 23 बॉल में हाफ सेंचुरी पूरी की और फिर अपनी टीम का स्कोर 150 के पार ले गए। वह अंत में 50 बॉल पर 92 रन बनाकर अल्जारी जोसेफ का शिकार हुए। इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 9 छक्के लगाए।
पावर प्ले में तेज शुरुआत, 2 विकेट भी गंवाए
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत खराब रही। डेवोन कॉन्वे तीसरे ही ओवर में मोहम्मद शमी की बॉल पर बोल्ड हो गए। उनके बाद उतरे मोईन अली ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने 17 बॉल में 4 चौकों और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाए। पावर प्ले के आखिरी ही ओवर में मोईन राशिद खान की गेंद पर आउट हो गए। जिसके बाद टीम ने 6 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 51 रन बनाकर अपना पावरप्ले खत्म किया।


