न्यूज़ डेस्क

पंडित धीरेंद्र शास्त्री फिर चर्चा में युवाओं से कहा, 3-4 बच्चे पैदा करो: दो को रामजी के काम में लगाओ; हमें हिन्दू राष्ट्र के लिए आगे आना पड़ेगा

न्यूज़ डेस्क :

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर सुर्खियों में हैं। छतरपुर में उन्होंने युवाओं से कहा कि ब्याह करो, 3-4 बाल-बच्चे हो। दो को रामजी के काम में लगा दो। उन्होंने कहा कि हमें हिंदू धर्म और हिंदू राष्ट्र के लिए आगे आना पड़ेगा। धीरेंद्र शास्त्री सोमवार को यहां रामचरित मानस रामलीला मैदान में रामालय का उद्घाटन करने पहुंचे थे।

उन्होंने मंच से कविताएं और शायरी भी सुनाईं। कुछ दिन पहले प्रसिद्ध कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर ने भी कहा था कि जब तक जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कानून नहीं बन जाए, तब तक हर हिंदू 5-5 बच्चे पैदा करो।

जो राम का नहीं, उनकी ठठरी बांध दो

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा- रामनवमी की कौन-कौन तैयारी कर रहा है। जो राम का नहीं उनकी ठठरी बांध दो। जिनके अभी ब्याह हुए वो भी तैयारी में लग जाओ। जिनका ब्याह नहीं हुआ वो ब्याह करें। 3-4 बाल बच्चे हों। 2 बच्चे राम के काम के लिए समर्पित हों। उन्होंने कहा कि वैसे तो बच्चे 2 ही अच्छे हैं, लेकिन एक बच्चा रामजी और हिंदू राष्ट्र के लिए काम करने वाला होना चाहिए। हमारे पिताजी के भी 2 बच्चे हैं एक मैं सनातन के काम लगा हूं। किसी को राम के नाम से, हिंदू राष्ट्र के नाम से टेंशन है तो हम क्या करें। हार्ट अटैक की दवाई खाओ।

टाटा के चैलेंज पर बोले- हम कोई फरमाइशी गीत नहीं
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा- छतरपुर में 17 साल से रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है। इससे समूचे मप्र में सनातन संस्कृति जागृति हुई। एक समय था जब लोग धर्म ध्वज लगाने से भयभीत हुआ करते थे, आज पूरा भारत राममय हो रहा है।

आयुर्वेदाचार्य प्रकाश टाटा के चैलेंज ‘यदि उनके पर्चे को पंडित धीरेंद्र शास्त्री अपने पर्चे में लिखकर बता दे तो उन्हें एक करोड़ रुपए की दक्षिणा देंगे…’ पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि हम कोई फरमाइशी गीत नहीं हैं। कितनी बार एक्सेप्ट नहीं किया। कितनी बार प्रतिउत्तर नहीं दिया। कितनी बार टेस्ट नहीं दिया। यही थोड़े न करते रहेंगे। यह सस्ती लोकप्रियता पाने का एक तरीका है।

कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कहा था- 5-5 बच्चे गोद में खिलाओ
फरवरी महीने में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर छिंदवाड़ा में ऐसा ही बयान दे चुके हैं। दशहरे मैदान में आयोजित शिव महापुराण कथा पंडाल में उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर कहा था कि देश में जब तक यह कानून नहीं बन जाए, तब तक पांच-पांच बच्चे हर हिंदू अपनी गोद में खिलाएं। दरअसल, देवकीनंदन ठाकुर हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहे हैं। वहीं, उन्होंने कथा पंडाल से कहा कि कुछ लोगों को खुला सांड की तरह छोड़ दिया गया है और हमें सिर्फ दो बच्चों तक सीमित कर दिया गया है ।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!