न्यूज़ डेस्क

तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकराई, एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत: 8 लोग गंभीर घायल

न्यूज़ डेस्क :

टीकमगढ़ में मंगलवार रात एक बोलेरो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर घायल हैं। बोलेरो में करीब 13 लोग सवार थे। सभी एक ही परिवार के हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

जतारा थाना प्रभारी हिमांशु भिंडिया ने बताया कि हादसा जतारा पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास हुआ है। मवई गांव के लोग बोलेरो से राजनगर की तरफ जा रहे थे। हादसे की जानकारी लगते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को जतारा अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान पांच लोगों ने दम तोड़ दिया, इनमें 3 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।

जिसकी गमी में जा रहे थे उसने फांसी लगाई थी

हादसे में जान गंवाने वाले मोतीलाल के बड़े भाई नंदलाल के बेटे रामू (28) ने मंगलवार रात राजनगर में फांसी लगा ली थी। गमी में शामिल होने के लिए सभी परिवार के लोग राजनगर जा रहे थे और हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने बताया कि विनोद पिता लक्ष्मी लोधी, मोतीलाल, राजेश पिता बाबूलाल लोधी, प्रेम बाई पत्नी बाबूलाल लोधी और गुड्डी बाई की मौत हुई है। 6 लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 4 लोगों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की मदद

विधायक राकेश गिरी गोस्वामी ने मृतकों के परिजन को शासन की ओर से हरसंभव आर्थिक मदद दिलाने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी बात करेंगे। एसडीएम सीपी पटेल ने बताया कि मृतकों में चार लोग संबल योजना के पात्र हैं, जिन्हें शासन की ओर से चार-चार लाख रुपए सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं 5वें मृतक को भी 20 हजार रुपए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!