मौसम ने 3 रंगो के साथ खेली होली: 5.4 डिग्री लुढ़का पारा, अब दो-तीन दिन ऐसे ही मौसम के आसार
न्यूज़ डेस्क :
होली से ठीक पहले भोपाल में मौसम ने होली खेली। सुबह से बादल, शाम को 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली धूल भरी तेज हवा। रात 8:30 बजे शहर के कई इलाकों में बारिश। शनिवार को सुबह से रात तक राजधानी में मौसम ने ये तीन रंग दिखाए। बारिश के चलते शाम 5:30 से रात 8:30 बजे तक 3 घंटे में पारा 5.4 डिग्री लुढ़क गया।
शाम 5:30 बजे तापमान 30.4 डिग्री पर था, जो रात 8:30 बजे 25 डिग्री पर आ गया था। जानकार कहते हैं कि ऐसा मौसम सामान्यत: आषाढ़ महीने में होता है। दो सिस्टम का असर होने से फागुन में यह नौबत आई। इसकी वजह बताते हुए मौसम वैज्ञानिक वाहिद खान ने कहा कि देश के उत्तरी हिस्से में एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस मौजूद है। इसके कारण गुजरात के उत्तरी हिस्से और उससे सटे इलाकों में चक्रवाती हवा का घेरा बना हुआ है।
नमी भी ला रही
हमारे यहां अरब सागर से होती हुई आ रही हवा नमी भी ला रही है। जिससे गरज चमक वाले बादल (सीबी क्लाउड) बने और बारिश हुई।
तेज हवा और बूंदाबांदी का साथ रहेगा
मौसम विशेषज्ञ पीके साहा के मुताबिक अगले दो-तीन दिन ऐसा ही मौसम रहेगा। इस दौरान बादल छा सकते हैं। तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
होली पर बारिश-ओलावृष्टि के आसार
नई दिल्ली मौसम विभाग ने भी पश्चिम व मध्यभारत में 5 से 8 मार्च तक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। शनिवार को मध्य भारत में कई जगह हल्की बारिश हुई।



