न्यूज़ डेस्क

आत्म हत्या, उत्तरप्रदेश से नहर में बहकर MP में आ गया छात्रा का शव: सुसाइड नोट में बताई मौत की वजह लिखा- उसने मुझे बर्बाद कर दिया

न्यूज़ डेस्क :

मैं सहेली के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए पार्क जा रही हूं…। इतना कहकर 22 फरवरी को 21 साल की कॉलेज छात्रा घर से निकली। पार्क से वो प्रेमी के साथ उसके घर चली गई। यहां शादी की बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। प्रेमी के घर से लड़की के भाई को कॉल किया गया, वो बहन को लेकर घर लौट आया। इसके बाद भाई काम पर चला गया।

दोपहर में युवती घर से ऐसी गई कि फिर नहीं लौटी। 6 दिन बाद उत्तर प्रदेश के झांसी से 25 किमी दूर दतिया के अंगूरी बैराज डैम में उसकी लाश मिली। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को निकाला। पड़ताल की तो लड़की का यूपी कनेक्शन निकला।

लड़की उत्तर प्रदेश के झांसी की रहने वाली थी। हफ्तेभर पहले प्रेमी से विवाद के बाद वह झांसी की सिजवाहा नहर में कूद गई थी। माैत से पहले सुसाइड नोट छोड़ा। उसने वीडियो भी बनाया, जिसमें मौत का जिम्मेदार प्रेमी को बताया था। सुसाइड नोट के मुताबिक प्रेमी ने झांसे में लेकर उसे प्रेग्नेंट किया। फिर छोड़ दिया। जब लड़की ने उससे शादी करने के लिए कहा, तो युवक ने बहन और मां से उसकी पिटाई करवा दी। सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को शव के पीएम के बाद परिवार वाले बेटी का शव लेकर झांसी रवाना हो गए।

छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा…

मैं… अपने होश में ये कदम उठा रही हूं। मैंने कुंवर यादव से प्यार किया था, लेकिन उसने मेरा इस्तेमाल किया। शादी का झांसा देकर रेप किया। दुर्व्यवहार किया। बाद में शादी से करने से मना कर दिया, इसलिए कुंवर यादव की वजह से आज दिनांक 22 फरवरी 23 को आत्महत्या कर रही हूं। मुझे मेरे मरने के बाद इंसाफ दिलाया जाए। उसके पूरे घरवाले इसमें शामिल हैं। इसके साथ उन लोगों ने भी मुझे मारा और गालियां दीं। इसकी मां और बहन भी लंबे समय से मुझे प्रताड़ित कर रही थीं। मेरी मौत का जिम्मेदार कुंवर और उसका पूरा परिवार है। इसने मुझे गर्भवती किया और फिर छोड़ने की बात कही। कृपया मेरे फोन की अच्छे से जांच की जाए, उसमें सारे सबूत हैं। आज सिर्फ इसकी वजह से मैं ये कदम उठा रही हूं। इसने मुझे बहुत तकलीफ दी है। कुंवर को सजा और मुझे इंसाफ दिलाया जाए।

इसके अलावा, छात्रा ने सात सेकंड एक और वीडियो भी बनाया था, जो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में छात्रा कह रही है कि ‘मेरी मौत का जिम्मेदार कुंवर और उसका पूरा परिवार है। उसने मेरे साथ बहुत बुरा किया, इसलिए मुझे मरना पड़ रहा है।’

भाई ने पुलिस को दिए आवेदन में बताई पूरी कहानी

उत्तर प्रदेश के झांसी की रहने वाली छात्रा के भाई ने 27 फरवरी को बहन के लापता होने पर झांसी एसपी को आवेदन दिया था। इसमें उसने बताया- छोटी बहन को 3 साल पहले कुंवर यादव (24) पिता राम सेवक यादव निवासी आजादपुरा, नगरा थाना प्रेमनगर पढ़ाता था। इस दौरान उसने बहन को प्रेम जाल में फंसा लिया। शादी का आश्वासन देकर बहन का रेप किया। बहन गर्भवती हो गई। उसने कुंवर यादव से शादी करने की बात कही। इस पर कुंवर यादव ने कहा कि मैंने परिवार के सभी सदस्यों (माता-पिता, बहन) को बता दिया है। वह जल्द ही तुम्हारे परिवार से शादी की बात करेंगे।

22 फरवरी 2023 को मेरी बहन रोज की तरह सुबह 6 बजे सहेली के साथ पार्क घूमने गई थी। सहेली के मोबाइल पर कुंवर यादव और बहन की बात हुई। इसके बाद कुंवर बहन को पार्क से यह कहकर घर ले गया कि मेरे परिवार वाले तुमसे बात करना चाहते हैं। बहन उसके साथ उसके घर चली गई। वहां कुंवर के पिता राम सेवक यादव, मां ममता यादव और बहन सुरभि यादव मौजूद थे। बहन को देखते ही सभी भड़क उठे, क्योंकि बहन ने कुंवर को जल्द शादी करने को कहा था। सभी ने बहन को खूब खरी-खोटी सुनाईं। इन लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की।

कुंवर की बहन सुरभि यादव का सुबह 9:25 मुझे फोन आया। उसने कहा- तुम अपनी बहन को यहां से ले जाओ। इस पर मैंने कहा- आखिर बात क्या है। मैं कुछ समझ नहीं पा रहा था। इतने में सुरभि बोल पड़ी- हमने तुम्हारी बहन का शादी का बुखार उतार दिया है। अब यह भविष्य में किसी से शादी नहीं करेगी। यह बात सुनकर मैं परेशान हो गया। मैं बहन को लेने तत्काल कुंवर के घर की ओर निकला। शिवपुरी रोड वाली नहर से नगरा जाने वाली रोड से मैं गुजर ही रहा था कि कुंवर परिवार के साथ बहन के साथ खड़ा दिखा। वो लोग नगरा के श्मशान वाली रोड पर थे। यहां मेरी कुंवर से थोड़ी कहा-सुनी हुई। इसके बाद मैं बहन को साथ घर ले आ गया।

घर पर बहन को समझाते हुए कहा- अब हम उनके परिवार से बात करेंगे। तुम शांत रहो और घर पर ही रहो। बहन को घर छोड़कर मैं काम से निकल गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे जिस सहेली के साथ बहन सुबह पार्क में गई थी, उसी का मुझे कॉल आया। उसने पूछा कि आपके बहन कहां है। मैंने कहा- घर पर ही है। इस पर वह बोली आप जल्द से उसके पास जाओ। मेरे पास उसका फोन आया था, वह अजीब सी बातें कर रही थी। यह सुनकर मैं डर गया और तुरंत घर पहुंचा। घर पर बहन नहीं मिली। फोन लगाया तो कॉल भी रिसीव नहीं किया। इसके बाद मैं उसे खोजने निकला। काफी खोजबीन के बाद बहन की स्कूटी सुजवाहा नहर के पास खड़ी मिली। इस पर मैंने तत्काल 112 नंबर पर फोन किया और पुलिस काे सूचना दी।

पढ़ाई के दौरान बहन की दोस्ती कुंवर से हुई

छात्रा के भाई ने बताया कि कुंवर झांसी में रहता है। उसकी छोटी बहन बीकॉम सेकंड ईयर में पढ़ रही थी। कुंवर से बहन की पहचान पढ़ाई को लेकर ही हुई थी। कुंवर यादव एमबीए कर रहा था। बहन बीकॉम… एक ही प्रकार का सब्जेक्ट होने से कुंवर ने उसे कोचिंग देना शुरू कर दिया था। प्रेम जाल में फंसाकर उसने बहन को सुसाइड के लिए मजबूर कर दिया। बहन के लापता होने के बाद पुलिस को सबकुछ बताया, लेकिन उसपर कार्रवाई नहीं की। इसके बाद परिवार और समाजजनों के साथ एसपी के पास पहुंचकर गुहार लगाई। बहन का वीडियो भी पुलिस को दिया, जिसमें वह सुसाइड के लिए जिम्मेदार का नाम ले रही है। वीडियो देखने के बाद पुलिस एक्टिव हुई, तब जाकर बहन की लाश नहर से मिली।

स्कूटी की डिक्की से मिला था छात्रा का मोबाइल

उत्तर प्रदेश की झांसी पुलिस के मुताबिक छात्रा ने एक हफ्ते पहले झांसी के गांव सिजवाहा की नहर में छलांग लगा ली थी। नहर के पास छात्रा की स्कूटी मिली थी। गाड़ी की डिक्की में मोबाइल मिला था। मोबाइल का लॉक खोलने पर सात सेकंड का वीडियो मिला था। वहीं, घर में तलाशी लेने पर सुसाइड नोट मिला। इसके बाद छात्रा की तलाश शुरू की गई। गोताखोरों की मदद से नहर में सर्चिंग भी करवाई। मंगलवार को उप्र के इटावा से आई SDRF टीम, दतिया की चिरुला पुलिस और झांसी की रक्सा पुलिस ने मिलकर 10 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। अंगूरी बैराज डैम से छात्रा का शव सड़ी गली हालत में मिली। शिनाख्ती के लिए छात्रा के भाई को बुलाया गया। उसने छात्रा के शूज और कपड़ों से उसकी शिनाख्त की।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!