न्यूज़ डेस्क

भारत जोड़ो यात्रा: हरियाणा में पूर्ण, अब दिल्ली की बारी , राहुल गांधी बोले- बीजेपी और RSS नफरत का बाजार, कांग्रेस को कोई मिटा नहीं सकता

न्यूज़ डेस्क :

भारत जोड़ो यात्रा कर रहे राहुल गांधी ने हरियाणा के फरीदाबाद में कहा कि नरेंद्र मोदी जब 2014 और 2019 का चुनाव लड़ रहे थे तो उन्होंने ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ का नारा दिया था। कांग्रेस एक संगठन या राजनीतिक दल नहीं बल्कि सोचने और जीने का तरीका है।

उन्होंने कहा कि BJP और RSS नफरत के बाजार हैं। कांग्रेस उसी नफरत के बाजार में मुहब्बत की दुकान है। नरेंद्र मोदी अपने संगठन को समझें। RSS और BJP के लोग नफरत, हिंसा और डर फैलाते हैं, उसे नरेंद्र मोदी समझ गए लेकिन कांग्रेस की सोच और विचारधारा को वे नहीं समझ पाए।

उन्होंने आगे कहा कि इस देश से मुहब्बत को कोई नहीं मिटा सकता। वे हजारों साल से कोशिश कर रहे हैं। वे डरते हैं। उनमें और हम में यही फर्क है कि हम नहीं डरते हैं। अब देखिए जब भी हमारी सरकार होती है तो हमने सबको एक किया है। नफरत मुहब्बत से ही कटती है।

हरियाणा में यात्रा का पहला फेज समाप्त
राहुल गांधी की हरियाणा में फर्स्ट फेज की 3 दिन की यात्रा फरीदाबाद में खत्म हुई। कल सुबह यात्रा दिल्ली पहुंच जाएगी। इसके बाद यात्रा का 2 जनवरी तक विश्राम रहेगा। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश (UP) सहित 4 राज्यों का रूट प्लान तैयार कर लिया है। 3 जनवरी को दिल्ली से यात्रा शुरू होकर उत्तर प्रदेश जाएगी। 6 या 7 जनवरी को यात्रा की हरियाणा में फिर से एंट्री होगी। यह यात्रा अभी तक 3 हजार किलोमीटर चल चुकी है।

राहुल गांधी की फरीदाबाद में बड़ी बातें…

मुझे बहुत कुछ कहा गया, मैंने कभी कुछ नहीं कहा
नरेंद्र मोदी जी ने 6,7,8 साल हजारों करोड़ रुपए मुझे और कांग्रेस को बदनाम करने में लगा दिए। मैंने एक शब्द नहीं बोला। मैंने कभी जवाब नहीं दिया, मैं चुप रहा। मेरे बारे में जो भी कहते थे मैंने कहने दिया, अपने आप को कभी नहीं बचाया। आठ साल मैं चुप रहा और फिर एक महीने में मैंने इनके हजारों करोड़ रुपए जला दिए। क्योंकि पूरे देश को दिखा कि इस व्यक्ति के दिल में इस देश के लिए, तिरंगे के लिए सिर्फ मोहब्बत है और कुछ नहीं।

यात्रा में कोरोना, BJP की मीटिंग में कुछ नहीं
राहुल बोले कि भाजपा वाले अब कह रहे हैं कि कोविड वापस आ रहा है। यात्रा को बंद कीजिए। जहां भारत जोड़ो यात्रा चल रही है, वहां पर कोरोना है। जहां पर BJP वाले मीटिंग करते हैं, वहां कुछ नहीं होता। हुड्‌डा जी ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है। मैं थोड़ा बदलना चाहता हूं, यह आपका हथियार है। आने वाला समय हरियाणा की जनता, किसान और मजदूर का होगा। कांग्रेस पार्टी जरूर आपके साथ खड़ी होगी, लेकिन वह समय आपको होगा।

बेरोजगार युवा पकौड़े तल रहे
राहुल ने कहा कि यात्रा के दौरान मैं युवाओं से मिला। उन्होंने बताया कि हमें इंजीनियर बनना था। मैंने पूछा कि अब क्या कर रहे हो? तो युवा कहते हैं कि पकौड़े तल रहे हैं। ऊबर गाड़ी चला रहे हैं, मजदूरी कर रहे हैं। जो कुछ नहीं कर रहे, वह बेरोजगार घूम रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अडाणी-अंबानी की लगाम
राहुल गांधी ने कहा कि देश में सरकार नरेंद्र मोदी की नहीं है। अडाणी और अंबानी की सरकार है। नरेंद्र मोदी के पीछे भी लगाम इन्ही लोगों ने लगाई है। यह जानना हो तो देश के छोटे व्यापारियों से पूछ लो। फरीदाबाद से इसका अच्छा कोई उदाहरण नहीं होगा। आपने जो सपना देखा था कि वह पूरा नहीं हो पाया। सपना ये था कि मेड इन चाइना गायब होगा, लेकिन आज हाल यह है कि सब कुछ चाइना का ही है। सपना यह था कि चाइना में जाकर जब कोई सामान खरीद जाए तो उस पर मेड इन फरीदाबाद लिखा हो, लेकिन हाल कुछ उल्टा है।

हमारी यात्रा बेरोजगारी, महंगाई, डर व नफरत के खिलाफ
उन्होंने कहा कि बीते कुछ साल में BJP और RSS ने क्या किया। हिंदुस्तान को बांटने का काम किया। पूरे हिंदुस्तान में नफरत फैला दी। चुने हुए लोग नफरत फैला रहे हैं। लेकिन हिंदुस्तान का युवा एक साथ चलने की बात कर रहा है। यात्रा को देखिए, हम तीन हजार किलोमीटर चले हैं। यह यात्रा अपने आप में छोटा सा हिंदुस्तान है, इसमें हर धर्म के लोग हैं। इस यात्रा के अंदर हिंदुस्तान है। यह यात्रा कन्याकुमारी से श्रीनगर तक जाएगी। तिरंगा को हम श्रीनगर में लहराएंगे। ये यात्रा बेरोजगारी के खिलाफ है महंगाई के खिलाफ है। डर के खिलाफ है। नफरत के खिलाफ है।

कल से यात्रा में मास्क जरूरी
इससे पहले कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में कल से सभी यात्री मास्क पहनेंगे। शुक्रवार को फरीदाबाद में कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने इसकी घोषणा की। यात्रियों को कोरोना का खतरा देखते हुए यह फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि आज हमारे पास सिर्फ 250 ही मास्क थे, लेकिन कल सभी के लिए मास्क मंगाए गए हैं, जिसके बाद यात्रा में शामिल हर यात्री के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया है।

सिक्किम हादसे पर बोले राहुल, 16 सैनिकों की मौत पर मन दुखी
सिक्किम के जेमा में हुए सड़क हादसे पर राहुल गांधी ने दुख जताया है। हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल ने कहा कि हादसे की सूचना से स्तब्ध हूं। हादसे में 16 सैनिकों की जान जाने से मन दुखी हो गया है। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं।

फरीदाबाद में राहुल की चाय पर चर्चा
फरीदाबाद में अचानक राहुल गांधी चाय पीने के लिए रुक गए। यात्रा रूट पर एक चाय की दुकान में राहुल ने चाय पी और सैंडविच भी खाया। इस दौरान राहुल ने दुकान के बाहर खड़े लोगों से चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र के हालात जाने और लोगों से उनकी जरूरत भी पूछी। वह चाय की दुकान पर लगभग 20 मिनट तक रुके।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!