भोपाल

36वें राष्ट्रीय खेल: मध्यप्रदेश की अच्छी शुरुआत, 1 स्वर्ण और 4 कांस्य पदक से खोला खाता

भोपाल डेस्क :

गुजरात में 29 सितंबर से शुरू हुए 36वें राष्ट्रीय खेलों के पहले दिन मध्यप्रदेश ने 1 स्वर्ण और 4 कांस्य पदक जीतकर बेहतरीन शुरुआत की है।

गुजरात के गांधीनगर में राष्ट्रीय खेलों के तहत चल रहे एथलेटिक्स के मुकाबलों में शुक्रवार को मध्यप्रदेश की सपना वर्मन ने महिला हाई जम्प ईवेंट में 1.83 मीटर कूदकर स्वर्ण पदक हासिल कर नया मीट रिकॉर्ड बनाया है। मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी ऑफ एक्सलेंस के अर्जुन वास्कले ने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए 1500 मीटर की रेस में 3.42.31 की टाइमिंग के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। महिलाओं के 1500 मीटर दौड़ में मध्यप्रदेश की दीक्षा एमके ने 4.20.92 की टाइमिंग के साथ कांस्य पदक हासिल किया। दीक्षा मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी ऑफ एक्सलेंस की खिलाड़ी हैं।

उल्लेखनीय है कि पुरुषों के 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक विजेता परवेज़ खान जो वर्तमान में राष्ट्रीय खेल में सर्विसेस का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वे अप्रैल 2021 से मध्यप्रदेश राज्य एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी हैं। विगत राष्ट्रीय प्रतियोताओं में उन्होंने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है और उनके द्वारा मध्यप्रदेश एवं राज्य खेल अकादमी से कोई एनओसी नहीं ली गई है। राष्ट्रीय खेल के नियमानुसार कोई भी खिलाड़ी कम-से-कम 6 माह पूर्ण होने पर किसी राज्य अथवा सेना का प्रतिनिधित्व कर सकता है। मध्यप्रदेश एथलेटिक्स के अधिकारियों ने चैयरमैन गेम्स टेक्निकल कंडक्शन कमेटी गुजरात को पत्र लिखकर आपत्ति जताते हुए परवेज खान के पदक को मध्यप्रदेश राज्य की पदक तालिका में शामिल करने का आग्रह किया है।

अहमदाबाद में 10 मीटर एयर राइफल पुरुष एकल में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी ऑफ एक्सलेंस के ओलम्पियन शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने कांस्य पदक हासिल किया। गांधीनगर में कुश्ती मुकाबलों में मध्यप्रदेश के रोहित पटेल ने 157 किलोवर्ग फ्री स्टायल में कांस्य पदक जीता।

खेल और युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि “मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की ये शुरुआत है, मुझे पूर्ण विश्वास है कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी जिन खेलों में राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं उनमें वे शानदार प्रदर्शन के साथ पदक हासिल करेंगे और मध्यप्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!