खजुराहो डांस फेस्टिवल में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड, 1484 कलाकारों ने एक साथ किया कथक: CM ने किया ‘गुरुकुल’ का भूमिपूजन

न्यूज़ डेस्क :
मध्यप्रदेश के खजुराहो में मंगलवार से 50वें खजुराहो नृत्य समारोह की शुरुआत हो गई है। पहला दिन खास रहा। 1484 कलाकारों ने एक साथ कथक नृत्य की प्रस्तुति दी। जो गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गई है।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नृत्य समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने रिकॉर्ड बनाने वाले सभी कलाकारों को बधाई दी। सीएम डॉ. यादव ने खजुराहो में ही पारंपरिक कलाओं के ‘गुरुकुल’ की स्थापना के लिए भूमिपूजन किया।

आयोजन के लिए एक दिन पहले ही खजुराहो में कथक डांसर ने अभ्यास किया। इस प्रस्तुति को पंडित राजेंद्र गंगानी ने कोरियोग्राफ किया। उनकी वरिष्ठ शिष्या और बुंदेलखंड पर्यटन सागर की ब्रांड एंबेसडर डॉ शांभवी शुक्ला मिश्रा ने तीन सहयोगियों के साथ नृत्य का संचालन किया।
1975 में खजुराहो नृत्य महोत्सव की शुरुआत हुई थी। तब से हर साल यहां शास्त्रीय नृत्य समारोह का आयोजन किया जाता है। लेकिन मंगलवार को खजुराहो ने कथक डांस के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है।

16 मिनट तक किया कथक नृत्य
गिनीज बुक ऑफ इंडिया की जज एनी ने बताया- मैंने देखा कि सभी सेम डांस फॉलो कर रहे थे। कोई फ्री स्टाइल नहीं हो रहा है। वो बेहद खास था और 5 मिनट से ज्यादा डांस करने की जरूरत थी, लेकिन आज का जो डांस था वो 16 मिनट था। तो ये दो पॉइंट मैंने नोटिस किया। जिसकी वजह से कार्यक्रम सक्सेसफुल रहा।
आज 1484 कथक कलाकारों ने सामूहिक प्रस्तुति दी है, जिससे रिकॉर्ड ब्रेक हुआ और पिछला रिकॉर्ड लगभग 1204 कलाकारों के सामूहिक नृत्य का था।

26 फरवरी तक चलेगा डांस फेस्टिवल
नृत्य महोत्सव का आयोजन 20 से 26 फरवरी तक आयोजित किया जा रहा है। सात दिवसीय समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। प्रमुख शास्त्रीय नृत्य शैलियां जैसे भरतनाट्यम, ओडिसी, कथक, मोहिनीअटट्म, कुचिपुड़ी, कथकली, सत्रिया के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही लोकरंजन समारोह में विभिन्न राज्यों के जनजातीय और लोक नृत्यों के साथ गायन प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

लयशाला में श्रेष्ठ गुरूओं के साथ शिष्यों का संगम
बच्चों को शास्त्रीय नृत्य सिखाने के लिए खजुराहो में लयशाला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें सभी शास्त्रीय नृत्य कलाओं के बारे में बताया जाएगा। ताकि बच्चों में क्सालिकल डांस के प्रति रुचि जागृत हो। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक ये क्लास चलेगी।

विभिन्न रोमांचक गतिविधियों का भी होगा आयोजन
समारोह के दौरान खजुराहो में देश-विदेश से पहुंचने वाले सैलानियों को विभिन्न गतिविधियां रोमांचित करेगी। म.प्र. टूरिज्म बोर्ड विभिन्न रोमांचक गतिविधियाें का आयोजन करेगा। सैलानियों को रोमांचित करने के लिए स्काई डाइविंग, कैंपिंग, ट्रेल जॉय राइड, वाटर एडवेंचर, स्पीड बोट, बनाना राइड, शिकारा राईड, राफ्टिंग, विलेज टूर, ई-बाइक टूर, रानेह फॉल टूर, दतला पहाड़, सेगवे टूर, खजुराहो नाईट टूर, फॉर्म टूर जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।



