CM डॉ. मोहन यादव रात में भोपाल के हमीदिया अस्पताल पहुंचे तो मुख्यमंत्री के सामने क्यों रो पड़ी महिला

भोपाल डेस्क :
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार रात करीब 8 बजे भोपाल के हमीदिया अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। सबसे पहले वे बच्चा रोग विभाग की SNCU (सिक न्यूबोर्न केयर यूनिट) गए। यहां भर्ती एक बच्चे की मां ज्योति बाई उनसे बात करते हुए रोने लगीं। पूछने पर बताया कि उनका एक माह का बेटा कार्तिक हॉस्पिटल में भर्ती है। उसे सीवियर न्यूमोनिया हुआ है। उसने सीएम से कहा- आप मेरे बच्चे का अच्छा इलाज करा दीजिए।

महिला की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीष गोहिया से बच्चे की बीमारी और इलाज के संबंध में जानकारी ली। साथ ही बच्चे के इलाज के सभी इंतजाम करने के निर्देश दिए।

मरीज के परिजनों से CM ने की बात, लिया फीडबैक

हमीदिया अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीष गोहिया ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अस्पताल की अलग-अलग बिल्डिंग के कॉरिडोर के पास मरीजों के परिजनों से चर्चा की और फीडबैक लिया। इसके बाद उन्होंने बच्चा रोग विभाग की पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) और सिक न्यूबोर्न केयर यूनिट (SNCU) में भर्ती एक हृदय रोगी और एक ब्रेन डिसीज से पीड़ित मरीज के परिजनों से बात की। दोनों मरीजों के परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से इलाज के लिए मदद मांगी थी। इस पर मुख्यमंत्री ने जरूरी मदद करने का भरोसा दिया।




