मध्यप्रदेश

दुष्कर्म के आरोपी ऑटो ड्राइवर का मकान बुल्डोजर से ढहाया: मां बोली- बेटे ने गलत किया तो हमारी क्या गलती; बच्ची को अपनाना चाहते हैं

उज्जैन डेस्क :

उज्जैन में 15 साल की लड़की से दुष्कर्म के आरोपी ऑटो ड्राइवर भरत सोनी का मकान बुधवार को ढहा दिया गया। पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। इधर, आरोपी भरत की मां राखी सोनी ने कहा है कि बेटे ने गलत किया है। बच्ची के साथ ऐसा नहीं होना चाहिए था। हम उसे अपनाने के लिए तैयार हैं।

बीती 25 सितंबर को एक वीडियो सामने आया था। इसमें 15 साल की लड़की उज्जैन की तिरुपति ड्रीम्स कॉलोनी में अर्द्धनग्न हालत में नजर आई थी। उसने स्थानीय लोगों से मदद भी मांगी थी, लेकिन किसी ने उसकी सहायता नहीं की। करीब 8 किलोमीटर पैदल चलने के बाद दांडी आश्रम में उसे मदद मिली। मामला पुलिस तक पहुंचा। फिलहाल, आरोपी 6 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर है।

दो हजार वर्गफीट जमीन पर किया था अवैध कब्जा

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के परिवार ने अवंतिका होटल के पास सड़क किनारे खाली पड़ी करीब दो हजार वर्गफीट जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था। यहां मकान बनाकर भरत, उसके दो भाई-भाभी और माता-पिता पिछले 20 साल से रह रहे थे।

निगम आयुक्त रोशन सिंह ने कहा- हमारी टीम ने आरोपी के परिवार वालों को सामान निकालने की मोहलत दी। इसके बाद पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण तोड़ दिया गया।

कलेक्टर से मिलने पहुंची मां, कहा- हमें पछतावा

इससे पहले बुधवार सुबह आरोपी ऑटो ड्राइवर भरत सोनी की मां राखी सोनी कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं। यहां कलेक्टर तो नहीं मिले, लेकिन उन्होंने आवक-जावक दफ्तर में कलेक्टर के नाम आवेदन दिया। इसमें मकान नहीं तोड़े जाने की अपील की गई थी।

राखी सोनी ने कहा- ‘बच्ची के साथ गलत हुआ। यह नहीं होना चाहिए था। हमें इस बात का पछतावा है। बेटे ने जो किया, मेडिकल रिपोर्ट आने पर साफ हो जाएगा। मेरा मन तो आज भी कहता है कि उसने ऐसा कुछ भी नहीं किया। घर पर तो बढ़िया रहता है। मैंने उसे जन्म दिया, तो मेरी क्या गलती? कोई मां-बाप अपने बच्चे को गलत नहीं सिखाता।’

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!