मध्यप्रदेश

भावुक हुए शिवराज की आंखों से निकले आंसू: विदिशा में लिपटकर रोईं लाड़ली बहनें; भैया तुम राज करो के नारे लगाए

विदिशा डेस्क :

लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं ने मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान को भावुक कर दिया। शिवराज गुरुवार शाम को विदिशा के बाढ़ वाले गणेश मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। इसकी जानकारी लगते ही वहां भीड़ उमड़ पड़ी। भारी संख्या में महिलाएं भी वहां पहुंच गई।

लाड़ली बहनों ने शिवराज सिंह के समर्थन में नारेबाजी की। उन्होंने नारे लगाए- ‘शिवराज तुम राज करो, हम तुम्हारे साथ हैं’.. ‘बहनों का भाई कैसा हो, शिवराज भैया जैसा हो’.. इसके बाद बहनों शिवराज सिंह से लिपटकर रोने लगी। इधर, भीड़ से शिवराज के लिए ‘आई लव यू मामा’ कहा। बहनों का लिपटकर रोना और भांजे-भांजियों का प्यार देखकर शिवराज सिंह भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू बहने लगे।

मुख्यमंत्री नहीं हूं, फिर भी मैं आपके साथ खड़ा रहूंगा

बाढ़ वाले गणेश मंदिर पर आए लोगों को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश और केंद्र में भाजपा की ही सरकार है। विकास में कोई कमी नहीं रहेगी। मेरे जीवन का हर एक क्षण आपकी सेवा के लिए है।

मैंने कहा था कि लाड़ली बहना के बाद लखपति बहना का सफर तय करना है। उसके लिए मैं लगातार काम करता रहूंगा। मुख्यमंत्री नहीं हूं, फिर भी मैं आपके साथ खड़ा रहूंगा। आपके पीछे खड़ा रहूंगा। तुम्हारा भाई तुम्हारे लिए सब करने में सक्षम है। सारे काम करने में मैं कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। अब मैं मुक्त हो गया हूं, ज्यादा समय मिलेगा। उन्होंने कहा- मेरा दायित्व मैं तय नहीं करूंगा। पार्टी जो दायित्व सौंपेंगी, उस काम को करुंगा।

खेत में ट्रैक्टर चलाकर की चने की बुआई
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेत में ट्रैक्टर चलाया। गुरुवार को वह विदिशा पहुंचे थे। उन्होंने अपने खेत में जुताई कर चने की बुआई की। पूर्व सीएम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसका वीडियो भी शेयर किया।

उन्होंने लिखा – अपने मध्यप्रदेश की माटी सोना उगलती है.. धरती मां धन-धान्य से घरों को खुशहाल बना देती है। पसीने की कुछ बूंदों से माटी को नमन किया। आज खेतों की जुताई कर चने की बुआई की।

ग्रामीण बोले- मोदी जी ने गलत किया
शिवराज सिंह चौहान जब भोपाल से विदिशा जा रहे थे, तब वे बिलौरी गांव में रुके। यहां भी उनसे मिलकर ग्रामीण और महिलाएं भावुक हो गईं। महिलाओं ने कहा- भैया हमने तो आपको वोट दिए थे। हमने आपको चुना था। शिवराज जब अपनी कार में बैठने लगे तो ग्रामीणों ने कहा- मोदी ने बहुत गलत किया। शिवराज सिंह को मुख्यमंत्री नहीं बनाया, जनता में रोष है। शिवराज इस बात को अनसुना कर रवाना हो गए।

पुराने आवास में होंगे शिफ्ट शिवराज
डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद अब शिवराज सिंह चौहान 6 श्यामला हिल्स स्थित मुख्यमंत्री निवास को जल्दी छोड़कर 74 बंगले स्थित बी-8 वाले आवास में शिफ्ट होने वाले हैं। गुरुवार सुबह पौधरोपण के बाद वे 74 बंगले स्थित सरकारी आवास पहुंचे और निरीक्षण किया। बता दें कि 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद शिवराज सिंह इसी आवास में शिफ्ट हो गए थे।

आम लोगों के लिए खुला सीएम हाउस
मुख्यमंत्री निवास में सामान्यत: आम लोगों का प्रवेश नहीं होता, लेकिन डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद शिवराज सिंह चौहान से मिलने बड़ी संख्या में लोग सीएम हाउस पहुंच रहे हैं। ऐसे में सीएम हाउस बीते तीन दिनों से आम लोगों के लिए खुला हुआ है। प्रदेशभर से लोग यहां आकर शिवराज से मिल रहे हैं। खासकर महिलाएं भावुक हो रहीं हैं।

सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा- ‘भाई और मामा’
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपना सोशल मीडिया बायो फिर बदला है। उन्होंने गुरुवार को अपने X अकाउंट के बायो में फॉर्मर चीफ मिनिस्टर ऑफ मध्यप्रदेश से पहले ‘भाई और मामा’ जोड़ा है। बुधवार को उन्होंने फॉर्मर चीफ मिनिस्टर ऑफ मध्यप्रदेश अपडेट किया था।

इससे पहले बुधवार को जब वे नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचे तो पंडाल से शिवराज के समर्थन में नारे लगे थे।

शिवराज ने बुधवार सुबह पौधरोपण के दौरान मीडिया से चर्चा में कहा था- नए मुख्यमंत्री जी को बधाई। प्रधानमंत्री जी, गृहमंत्री जी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जी का स्वागत। आज प्रदेश के विकास, समृद्धि और कल्याण का पौधा लगाया है। मित्रों, अब विदा…..जस की तस धर दीनी चदरिया।

महिला ने कहा था-भैया चिंता मत करो, आप प्रधानमंत्री बनोगे
बुधवार को नए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शपथ ग्रहण समारोह खत्म होने पर जब शिवराज वापस जाने लगे तो भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया था। लोग मामा-मामा के नारे लगाने लगे तो शिवराज ने ड्राइवर को कार की साइड विंडो खोलने के लिए कहा। वे कुछ वक्त तक कार में बैठे-बैठे ही लोगों से हाथ मिलाते रहे। इस बीच एक महिला आई और रोते हुए कहा, ‘भैया आप चिंता मत करो, आप प्रधानमंत्री बनोगे।’

भीड़ के कारण कार आगे नहीं बढ़ पा रही थी। ऐसे में शिवराज को नीचे उतरना पड़ा था। गाड़ी से बाहर आते ही लोग फिर मामा-मामा के नारे लगाने लगे थे। भीड़ के बीच से कुछ महिलाएं शिवराज के पास आईं और उनसे लिपटकर रोने लगीं। शिवराज ने उनके सिर पर हाथ रखा। महिलाओं ने कहा- भैया आपसे अच्छा कोई नहीं। इसके बाद शिवराज भीड़ से निकलने की कोशिश करने लगे। यह सब करीब 25 मिनट तक चलता रहा था।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!