विदिशा में सरपंच का दिनदहाड़े अपहरण: पुलिस ने तीन लोगों पर दर्ज किया मामला

विदिशा डेस्क :
विदिशा के पठारी में दिनदहाड़े एक सरपंच का अपहरण कर लिया गया। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगो ने चक्का जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, विदिशा जिले के ग्राम पंचायत जाजपोन के सरपंच रितेश जैन को जमुनिया गांव से भीड़ जबरन में अपने साथ ले गई। घटना की जानकारी लगते ही परिजनों और समाज के लोगो ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। वहीं घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश दी गई।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि जमुनिया की एक लड़की एक लड़के के साथ चली गई थी। जिसकी पठारी थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज करके जांच की जा रही थी। वहीं लड़की ने रजत जैन के साथ शादी करने के कागजात थाने पर पहुंचा दिए। इस बात से नाराज लड़की के परिजन कल्याण सिंह यादव और बलराम यादव और लाल यादव ने रजत जैन के चचेरे भाई सरपंच रितेश जैन को अपने साथ बैठा कर ले गए।
इस घटना से परिजनों और समाज में आक्रोश था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पठारी पुलिस ने कल्याण सिंह यादव बलराम और मूंगालाल के खिलाफ में अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं पठारी थाना पथरिया थाना और बासौदा की पुलिस की टीमें सरपंच रितेश जैन की तलाश में जुट गई है।