लुटेरी दुल्हनियां – गहने-कैश लूटकर भागी दुल्हन: शादी के लिए खर्च किए 9 लाख, 7 दिन बाद घर छोड़कर भागी
जयपुर डेस्क :
जयपुर में नई नवेली दुल्हन के गहने-कैश लूटकर भागने का मामला सामने आया है। शादी के 7 दिन बाद ही वह घर छोड़कर भाग गई। शादी के लिए दुल्हे ने 9 लाख रुपए खर्च किए थे। कोतवाली थाने में पीड़ित ने लुटेरी दुल्हन सहित गैंग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि हरिचंद्र मार्ग निवासी 36 साल के दूल्हे ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि उसकी उम्र बढ़ने के साथ शादी की टेंशन बढ़ रही थी। साल 2022 में उसकी मुलाकात राजेन्द्र यादव निवासी चौमूं से हुई। शादी को लेकर बातचीत होने पर उसे कहा कि मैं तुम्हारी शादी करवा सकता हूं। 8-10 लाख रुपए खर्चा करना पड़ेगा। शादी के लिए हामी भरने पर उसने अपने रिश्तेदारों से मिलवाया। बिहार निवासी लड़की का फोटो और आधार कार्ड दिखाया। लड़की पसंद आने पर कहा कि बिहार में शादी करनी पड़ेगी।
बोली- एग्जाम देकर आ जाऊंगी
22 जून 2022 को आरोपी राजेन्द्र ने शादी के नाम पर 3 लाख रुपए ऑनलाइन अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए। 25 जून को बिहार ले जाकर उसकी शादी करवा दी। शादी के दौरान 3 लाख रुपए कैश ले लिए। उसके साथ ही शादी में खाने और अन्य खर्च के नाम पर 3 लाख रुपए लिए। उसकी ओर से 50 हजार का खरीदे गहने दुल्हन को दिए गए। शादी के बाद दुल्हन घर आ गई। 4 जुलाई को नई नवेली दुल्हन घर से सोने-चांदी के गहने, 1 लाख रुपए कैश और कीमती सामान समेट कर बिना बताए घर से चली गई। काफी ढूंढने के बाद वह नहीं मिली तो उसके मोबाइल पर कॉन्टैक्ट किया। कॉल करने पर बहाना बनाया मेरे एग्जाम है। मैं एग्जाम देकर आ जाऊंगी। काफी इंतजार के बाद भी नहीं लौटने पर धोखे का पता चला।