
आनंदपुर डेस्क :
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के आनंदपुर गांव की दर्शिका श्रीवास्तव ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल कर वाणिज्य कर निरीक्षक के पद पर अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
शासकीय कन्या शाला आनंदपुर में कार्यरत शिक्षक सतीश श्रीवास्तव की बड़ी बेटी दर्शिका ने यह सफलता कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से हासिल की है। दर्शिका ने कोरोना काल से पहले ही अपनी तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने पहले गुना और फिर इंदौर में रहकर अपनी तैयारी को अंतिम रूप दिया।

परिवार में शिक्षा को विशेष महत्व दिया जाता है। दर्शिका की छोटी बहन भी नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। सतीश श्रीवास्तव ने सभी अभिभावकों से बेटा-बेटी में भेदभाव न करने और बच्चों की शिक्षा में कोई कमी न छोड़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दर्शिका की सफलता इस बात का प्रमाण है कि बेटियां परिवार के लिए अभिशाप नहीं, वरदान होती हैं।
दर्शिका की इस उपलब्धि पर आनंदपुर के लोग उनके घर बधाई देने पहुंचे और इस सफलता को गांव की सफलता के रूप में मना रहे हैं। यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गई है।



