प्रदेश सहित जिले डॉक्टर्स का आंदोलन: आज 11 से 1 बजे तक ओपीडी बंद, कल से बेमियादी हड़ताल
विदिशा डेस्क :
मेडिकल काॅलेज, जिला अस्पताल, सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के 200 से ज्यादा सरकारी डॉक्टरों ने मांगों के समर्थन में सोमवार को काली पट्टी लगाकर विरोध-प्रदर्शन किया। मंगलवार को ये डॉक्टर सुबह 11 से 1 बजे तक ओपीडी ठप करेंगे। इसके बाद 3 मई से सभी डॉक्टर बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे।
हड़ताल के दौरान रेसीडेंट और इंटर्नशिप करने वाले डॉक्टरों के भरोसे स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी। हड़ताल का आव्हान शासकीय और स्वशासी चिकित्सक महासंघ के बैनर तले किया जा रहा है। इस संबंध में मेडिकल टीचर एसोसिएशन की अध्यक्ष डा.नीति अग्रवाल, सेक्रेटरी डा.विवेक चौकसे, एमपीएमओए के अध्यक्ष डा.अनूप वर्मा, सचिव डा.विनय गोलंदाज ने यहां जारी अपने बयान में कहा कि इससे पहले 17 फरवरी को भी डॉक्टरों ने प्रदेश व्यापारी आंदोलन किया था। मुख्यमंत्री के आश्वासन पर जनहित को ध्यान में रखते हुए उस समय हड़ताल स्थगित कर दी गई थी।
डीएसीपी योजना को लेकर बनी समिति की सिफारिशें लागू नहीं की मेडिकल टीचर एसोसिएशन के सेक्रेटरी डाॅ.विवेक चौकसे ने बताया कि डॉक्टरों के सभी संवर्गों के लिए डायनेमिक एश्योर्ड करियर प्रोवेशन यानी डीएसीपी योजना को लागू करने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव चिकित्सा, शिक्षा, स्वास्थ्य मप्र की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया था। उच्च स्तरीय इस समिति की सिफारिशों को अभी तक लागू नहीं किया जा रहा है।



