मध्यप्रदेश में लगातार तीसरे दिन कई जिलों में हो रही हैं रुक रुक कर बारिश: एक दो में फिर एक्टिव होगा सिस्टम; छिंदवाड़ा में सबसे कम 17.2 डिग्री तापमान
भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश में लगातार तीसरे दिन मंगलवार को भी कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने भोपाल समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे दिन के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। हालांकि, रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। दिसंबर के पहले सप्ताह में भी प्रदेश में बारिश होगी। इसकी वजह- 29-30 नवंबर को फिर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस का एक्टिव होना है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ), चक्रवात और ट्रफ लाइन गुजरने से स्ट्राॅन्ग सिस्टम एक्टिव हुआ है। इसकी वजह से मध्यप्रदेश में आंधी, बारिश और ओले गिर रहे हैं।
सोमवार को छिंदवाड़ा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां एक ही दिन में 9.4 डिग्री की गिरावट के साथ तापमान 17.2 डिग्री पर आ गया। इससे दिन-रात के तापमान में 2 डिग्री से भी कम का अंतर रहा। प्रदेश के 32 से ज्यादा जिलों में दिन में तेज ठंड रही।
24 घंटे में कहां – कितनी बारिश?
बैतूल, सिवनी, छिंदवाड़ा में 1 इंच से ज्यादा पानी गिरा
बैतूल | 1.59 (बारिश इंच में) |
सिवनी | 1.36 |
छिंदवाड़ा | 1.34 |
पचमढ़ी | 0.91 |
नर्मदापुरम | 0.66 |
नरसिंहपुर | 0.35 |
खरगोन | 0.33 |
भोपाल | 0.29 |
जबलपुर | 0.28 |
मंडला | 0.28 |
खंडवा | 0.19 |
उमरिया | 0.14 |
ग्वालियर | 0.12 |
उज्जैन | 0.11 |
दमोह | 0.11 |
रायसेन | 0.10 |
इंदौर | 0.06 |
सागर | 0.06 |
धार | 0.047 |
नौगांव | 0.03 |
मलाजखंड | 0.007 |
(आंकड़े सोमवार सुबह 8.30 से मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक के)
जानिए, सोमवार को कहां – कैसा रहा मौसम
- भोपाल में सुबह 9 बजे तक धुंध: भोपाल में सुबह में हल्की बूंदाबांदी हुई। सुबह 9 बजे तक धुंध छाई रही, इसके बाद धूप खिली। सोमवार रात में भी रुक-रुक कर पानी गिरता रहा। 24 घंटे में 0.29 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई है।
- इंदौर में ठंडक, छाए बादल: इंदौर में मंगलवार सुबह मौसम में ठंडक थी, हल्के बादल छाए थे। इस दौरान दृश्यता 2 हजार मीटर की थी। सुबह 8.30 बजे जारी बुलेटिन में सोमवार को दिन का तापमान 25 डिग्री (-4) तथा रात का तापमान 16.5 (+4) डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अब आगे क्या…
नए सिस्टम की वजह से ये संभाग भीगेंगे
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. सिंह ने बताया कि 29-30 नवंबर को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा। वहीं, मध्य राजस्थान के ऊपर चक्रवाती घेरा भी सक्रिय होगा। इससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्से सागर, शहडोल, जबलपुर, नर्मदापुरम, इंदौर और भोपाल संभाग में बारिश जारी रहेगी। बारिश की वजह से दिन के टेम्प्रेचर में गिरावट जारी रहेगी, लेकिन रात में नमी की वजह से पारा स्थिर रह सकता है। ओलावृष्टि का अनुमान भी है, इसलिए किसानों को जरूरी सलाह दी गई है।
अगले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम…
- 28 नवंबर: भोपाल, विदिशा, रायसेन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति रहेगी।
- 29 नवंबर: इंदौर, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, सीहोर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, जबलपुर, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, दमोह, पन्ना, सागर, भोपाल में गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। भोपाल में भी हल्की बारिश हो सकती है।
- 30 नवंबर: भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, दमोह, सागर, अशोकनगर, गुना, शाजापुर, सीहोर, देवास में गरज-चमक और बादल छाए रहेंगे।