भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बोलेरो मजदूरी कर घर जा रहे लोगों को रौंदा दो भाइयों सहित 3 की मौत
न्यूज़ डेस्क :
दौसा में भीषण सड़क हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर घायल हो गया जिसे जयपुर रेफर किया गया है। हादसा सोमवार शाम 5.35 बजे लालसोट के डिडवाना गांव में पीली का खाना के पास हुआ। मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहे चार युवकों को तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चौथा गंभीर घायल हो गया। जानकारी के अनुसार लालसोट की ओर से दौसा की तरफ जा रही बोलेरो कार डिडवाना गांव के पीली का खाना के पास बेकाबू हो गई।
बोलेरो ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो कार पास में स्थित कृषि पर्यवेक्षक कार्यालय के पास गड्ढे में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। भीषण टक्कर में घायल हुए 4 लोगों को एंबुलेंस की सहायता से लालसोट जिला हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
घायल युवक को लालसोट जिला हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करके हायर सेंटर जयपुर के लिए रेफर कर दिया। लालसोट थाना पुलिस दुर्घटना जिला हॉस्पिटल व दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर घटना की जांच में जुटी। पुलिस ने दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई दोनों वाहनों को क्रेन की सहायता से लालसोट पुलिस थाने में लेकर गई।
मजदूरी कर बाइक से घर जा रहे थे चारों
लालसोट थाना अधिकारी नाथू लाल मीणा ने बताया कि डिडवाना गांव में स्थित रीको एरिया में चार युवक मजदूरी करके अपने घर बाइक से जा रहे थे। पीली का खाना के पास हुए हादसे में धाकड्या गांव निवासी दो सगे भाई रामकेश गुर्जर (25), रमेश गुर्जर (27) की मौत हो गई।
इसके अलावा निमोद निवासी दिलराज बैरवा (26) की भी मौत हो गई। वहीं दुर्घटना में गढ़मोरा निवासी लखन गुर्जर (25) गंभीर घायल हो गया, जिसका जयपुर में इलाज चल रहा है। सभी के परिजनों को पुलिस ने सूचना दी।
मृत युवकों के शव लालसोट स्थित मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। जहां मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। थानाधिकारी ने बताया कि बोलेरो चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। बोलेरो कार को थाने में लाकर जब्त किया गया।



