बच्चों का टीककरण कराएं, अपने बच्चों को जापानी इनसेफेलाइटिस बीमारी से बचाएं: कलेक्टर ने की अपील
विदिशा डेस्क :
कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने अपील जारी करते हुए कहा है कि भारत सरकार द्वारा जिले में जापानी इनसेफेलाइटिस बीमारी की रोकथाम हेतु अप्रैल माह की 30 तारीख तक जेई टीकाकरण हेतु वैक्सीनेशन अभियान प्रारंभ किया गया है। जिसके अन्तर्गत जिले के समस्त एक से 15 वर्ष की निर्धारित आयुवर्ग के बालक-बालिकाओं का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त टीकाकरण जिले की समस्त आंगनबाड़ियों, शासकीय एवं प्रायवेट स्कूलों तथा समस्त स्वास्थ्य संस्थाओं में नियत तिथि तक निशुल्क किया जा रहा है।
कलेक्टर भार्गव ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में जापानी इनसेफेलाइटिस के मरीज विदिषा जिले में पाए गए हैं। यह एक लाइलाज एवं जानलेवा बीमारी है, जिसमें बच्चों में दिमागी बुखार, अपंगता एवं मृत्यु भी हो जाती है। इस बीमारी से ग्रसित 30 प्रतिशत बच्चों में मृत्यु की संभावना रहती है। बांकी जो मरीज बच जाते हैं उनमें अपंगता की संभावना बनी रहती है।
कलेक्टर ने बच्चों के अभिभावकों से पुनः अपील की है कि वह अपने एक से 15 वर्ष तक की आयु के बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं और अपने बच्चों को इस लाइलाज बीमारी से ग्रसित होने से बचाएं।



