पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने गैंगरेप पीड़िता की पढ़ाई का खर्च उठाने की घोषणा की थी, स्कूल ने उसके पिता को भेजा 14 लाख का नोटिस

न्यूज़ डेस्क :
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान के सीएम रहते हुए मंदसौर निवासी जिस गैंगरेप पीड़िता की पढ़ाई का खर्च उठाने का ऐलान किया था, अब इंदौर के स्कूल ने उसी के पिता को 14 लाख रुपए से अधिक बकाया का नोटिस सौंपा है। स्कूल प्रबंधन ने 2018 से 2023-24 शैक्षणिक सत्र की पढ़ाई, हॉस्टल सुविधा, डीजल, गैस समेत अन्य खर्च शामिल किए हैं। पीड़िता छठी, जबकि बड़ी बहन 11वीं में है। स्कूल ने इसकी प्रति इंदौर कलेक्टर, जेडी, डीईओ को भी भेजी है।
पिछले साल रिजल्ट ही रोक दिया था
मंदसौर में 26 जून 2018 को 7 साल की बच्ची से लड्डू का लालच देकर दो दंरिदों ने गैंगरेप किया था। तत्कालीन सीएम शिवराज ने पीड़िता और उसकी बहन की पढ़ाई का खर्च सरकार की ओर से वहन करने की बात कही थी। कोर्ट आरोपियों को फांसी की सजा तक सुना चुका है। फिर भी पिछले साल स्कूल प्रबंधन ने पीड़िता का रिजल्ट रोक दिया। तब सीएम के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझा था।
राशि अब तक बकाया है, इसलिए पत्र भेजा: प्राचार्य
स्कूल की प्राचार्य ने भास्कर को बताया कि पीड़िता व उसकी बहन को सारी सुविधाएं दी जा रही हैं। एक बार कुछ राशि रेडक्रॉस से दी गई थी, पर इसके बाद से लगातार बकाया है। पैरेंट्स को सूचना-पत्र दिया है।



