मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में ‘गंगाजल’ की एंट्री: इंदौर में एक लाख घरों में गंगाजल बांटेगी कांग्रेस; कमलनाथ के 11 वचन का पर्चा भी सौंपेगी

भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में अब ‘गंगाजल’ की एंट्री हो गई है। कांग्रेस के कार्यकर्ता गंगाजल के साथ कमलनाथ के 11 वचन लेकर जनता के बीच जाएंगे और सरकार बनने के बाद इन्हें पूरा करने का भरोसा देंगे।
कांग्रेस कार्यकर्ता इंदौर जिले के सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार घरों में गंगाजल की बोतल और कांग्रेस के 11 वचन का पोस्टर भेंट करेंगे। कांग्रेस ने एक लाख घरों में गंगाजल और 11 वचन पोस्टर भेंट करने का लक्ष्य तय किया है।
इंदौर ओबीसी प्रकोष्ठ के लोकसभा अध्यक्ष हिमांशु यादव हरिद्वार से गंगाजल की बोतल लेकर भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने गंगाजल की बोतल और उन पर लगे 11 वचन के पर्चे जारी किए। इन पर कमलनाथ की तस्वीर भी है।
ये है कांग्रेस के 11 वचन
- महिलाओं को 1500 रुपए हर महीने मिलेंगे।
- 500 में गैस सिलेंडर मिलेगा
- 100 यूनिट बिजली फ्री, 200 यूनिट तक हाफ।
- किसानों का कर्ज होगा माफ
- पुरानी पेंशन योजना लागू होगी।
- 5 हॉर्स पावर सिंचाई के लिए बिजली फ्री मिलेगी।
- किसानों के बिजली बिल माफ
- ओबीसी को 27% आरक्षण मिलेगा।
- 12 घंटे सिंचाई के लिए बिजली मिलेगी।
- जातिगत जनगणना कराएंगे
- किसानों के मुकदमे वापस लिए जाएंगे।