बिना हाइड्रोलिक पंप नीचे किए ही सड़क पर दौड़ा डंपर, बिजली की चालू लाइन के 8 खंभे धराशायी
विदिशा डेस्क :
सेमरखेड़ी-झागर डेम के निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार दोपहर में एक डंपर ने 400 मीटर दायरे में लगे बिजली के 8 खंभे धराशायी कर दिए। डंपर की टक्कर से एक 12 वर्षीय बालक भी घायल हो गया। झागर गांव में सामान डालने के बाद जब डंपर वापस आ रहा था तो चालक ने हाइड्रोलिक पंप (डंपर के पीछे लगा डाला) को नीचे नहीं किया। इस कारण डंपर का पिछला हिस्सा ऊंचा उठा रहा और चालक डंपर को तेजी से गांव की सड़क पर दौड़ता रहा। इस बीच डंपर के पीछे लगे डाले की चपेट में बिजली के खंभे और केबल आना शुरू हो गए।
गांव वाले आवाज देते रहे लेकिन चालक ने नहीं सुना। केबल खिंचती गई और एक के बाद एक बिजली के 8 खंभे धराशायी हो गए। कुछ खंभे सड़क पर गिरे तो कुछ कच्चे घरों पर भी गिर गए। इस घटना में हीरालाल नायक के 12 वर्षीय बेटे के सिर में और शिवनारायण नायक के पैर में चोट आई है।
दाेनाें पक्षों में हुआ राजीनामा
घटना पर ग्रामीणों ने नाराजगी भी जताई और डंपर को मौके पर ही रोक कर विरोध भी जताया। मामले को लेकर वे सिरोंज थाने भी पहुंचे लेकिन यहां पर दोनों ही पक्षों में राजीनामा हो गया। वहीं बिजली कंपनी के जेई जितेन्द्र कुमार मेहरा ने मामले की शिकायत सिरोंज थाने में की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के समय बिजली सप्लाई चालू थी। इस क्षेत्र के जनपद सदस्य कलेक्टर सिंह यादव ने बताया कि निर्माण एजेंसी के साथ ही सभी मनमानी कर रहे हैं।



