वनभूमि पर कब्जे की साजिश नाकाम: वन विभाग ने ट्रैक्टर-कल्टीवेटर किया जब्त
अवैध जुताई कर वनभूमि पर कब्जे की कोशिश कर रहा था आरोपी, मुरवास के कक्ष पी-360 में कार्रवाई; वन अपराध प्रकरण दर्ज

लटेरी डेस्क :
वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण और कब्जे के प्रयास के खिलाफ वन विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर और कल्टीवेटर जब्त किया। कार्रवाई वन मंडल अधिकारी हेमंत यादव के निर्देशन तथा वन परिक्षेत्र अधिकारी उत्तर लटेरी राजेंद्र कुमार सहरिया के मार्गदर्शन में की गई।
वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुरवास बीट के कक्ष क्रमांक पी-360 में वनभूमि पर अवैध रूप से जुताई कर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना मिलते ही परिक्षेत्र सहायक रत्नेश कुमार पंथी एवं बीटगार्ड शुभम रघुवंशी ने सुबह करीब 8:15 बजे मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी की।

निरीक्षण के दौरान खालिद खां पुत्र अकबर खां निवासी मुरवास को सोनालिका डीआई-35 ट्रैक्टर एवं कल्टीवेटर से वनभूमि की हकाई-जुताई करते हुए पाया गया।
वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर और कल्टीवेटर को मौके से जब्त कर लिया। विभाग ने वाहन के चेचिस एवं इंजन नंबर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 93/42 दर्ज किया है। मामले की जांच कर वन अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक मनोज मिश्र, वनरक्षक कुलदीप श्रीवास्तव, कृपाराम गौड़, लोमश चिडार, नागेंद्र भादौरिया, पर्वत सिंह भील, भानू रघुवंशी, राहुल दांगी सहित वन विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनभूमि पर अतिक्रमण और अवैध कब्जे के प्रयासों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।



