मुख्यमंत्री ने भोपाल में लहराया लहराया: ओलिंपियन विवेक सागर और ऐश्वर्य प्रताप सिंह का किया सम्मान, तिरंगा यात्रा का बच्चों ने किया स्वागत

भोपाल डेस्क :
भोपाल में तिरंगा यात्रा नरेला विधानसभा क्षेत्र में सुभाष आरओबी से सुबह 10:30 बजे शुरू हुई। सीएम डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा लहराकर यात्रा की शुरुआत की। दो बार ओलिंपियन में कांस्य पदक विजेता भारतीय हाॅकी टीम के मिड फील्डर विवेक सागर और शूटिंग में दो बार के ओलिंपियन व अर्जुन अवार्डी ऐश्वर्य प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद हैं। सीएम ने विवेक सागर और ऐश्वर्य प्रताप सिंह का सम्मान किया।
यात्रा में सीएम खुली जीप में सवार होकर हाथ में तिरंगा थामे आगे-आगे चल रहे हैं। पीछे से कई युवा साइकिल और पैदल भी चल रहे हैं। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा और महापौर मालती राय भी मौजूद हैं।
मौके पर हजारों लोग हाथों में तिरंगा लिए पहुंचे हैं। यात्रा में बच्चे, बुजुर्ग, युवा और महिलाएं शामिल हैं। सभी में उत्साह नजर आ रहा है। यात्रा में देशभक्ति गीत गूंज रहे हैं। इस मौके पर कई स्कूलों, कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी पहुंचे हैं। यात्रा के कारण तीन ओर से ट्रैफिक बंद किया गया।

यात्रा के स्वागत के लिए 101 मंच लगाए गए हैं, जिनसे सभी समाजों, सभी वर्ग के लोग पुष्प वर्षा कर स्वागत कर रहे हैं। तिरंगा यात्रा में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन करने वालों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
आज प्रभात चौराहे तक
तिरंगा यात्रा प्रभात चौराहा-अशोका गार्डन से रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म-1 तक रहेगी। इसके चलते सुबह 8 बजे से प्रभात तक आईटीआई, बोगदा पुल और मेहता मार्केट से आने वाला ट्रैफिक बदले रूट पर चलेगा।

तिरंगा यात्रा के चलते ट्रैफिक में बदलाव
- तिरंगा यात्रा प्रभात चौराहा से अशोक बिहार, परिहार चौराहा, पुष्पा नगर होते हुए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-1 पर समाप्त होगी।
- सिटी बसें भी नहीं चलेंगी- प्रभात चौराहा से 80 फीट रोड होकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 की ओर सभी प्रकार के व्यवसायिक वाहन, भारी वाहन, अनुमति प्राप्त वाहन, सिटी बस, आदि माल वाहक वाहनों का आवागमन सुबह 8 बजे से 12 बजे तक परिवर्तित रहेगा।
- आईटीआई तिराहा, बोगदा पुल तथा मेहता मार्केट से प्रभात की ओर ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा।
- रायसेन की ओर से आने वाले वाहन आईटीआई रोड तिराहे से बाएं मुड़कर कॅरियर कॉलेज होकर आ-जा सकेंगे।
- बोगदा पुल से प्रभात की ओर जाने वाले वाहन जिंसी, होशंगाबाद रोड होते हुए आ-जा सकेंगे।
- मेहता मार्केट से प्रभात की ओर जाने वाले वाहन अंडर ब्रिज से आ-जा सकेंगे।
समस्या होने पर 0755-2677340, 2443850 पर संपर्क करें
स्थानीय लोगों के लिए ये वैकल्पिक रास्ते प्रभात चौराहा से आईटीआई जेके रोड, मिनाल, भानपुर ब्रिज होकर आ- जा सकेंगे। प्रभात चौराहा से बोगदा पुल, ऐशबाग, भारत टॉकिज होकर आ-जा सकेंगे रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री बोगदा पुल भारत टाकीज़, संगम होकर भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 जा सकते हैं। समस्या होने पर 0755-2677340, 2443850 पर संपर्क कर सकते हैं।



