विदिशा

लटेरी में बीजेपी कार्यकर्त्ता सांसद से बोला- मैंने 15 वोट डाले: बीजेपी नेता ने कहा- हमने 13 बूथ पर कांग्रेस के पोलिंग एजेंट नहीं बैठने दिए

लटेरी डेस्क :

विदिशा जिले की लटेरी में भाजपा कार्यकर्ताओं का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वे सागर लोकसभा क्षेत्र की सांसद लता वानखेड़े के सामने कह रहे हैं कि हमने चुनाव में फर्जी तरीके से वोट डाले। कांग्रेस के पोलिंग एजेंट को बूथों पर बैठने तक नहीं दिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर चुनाव को प्रभावित करने के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष ने सागर लोकसभा सीट पर चुनाव को शून्य घोषित करने की मांग की है।

दरअसल, सागर से सांसद लता वानखेड़े गुरुवार को विदिशा जिले के लटेरी में कुश जयंती के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थी। लटेरी सागर संसदीय क्षेत्र में आता है। सांसद के आने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ता उनसे चर्चा कर रहे थे।

दौरे की जानकारी नहीं देने पर सांसद का विरोध

भाजपा के मंडल महामंत्री रामगुलाम राजोरिया समेत कुछ नेताओं ने उनके प्रवास को लेकर नाराजगी जताई। कहा- लोकसभा चुनाव में मेहनत करके हम लोगों ने आपको जिताया है। अब आप संगठन और पार्टी को बिना बताए दौरा कार्यक्रम तय कर रही हैं। आपके कार्यक्रम का पता हम लोगों को सोशल मीडिया से चला है।

उन्होंने कहा- आपका खाना खाने का जिस व्यक्ति के यहां कार्यक्रम तय है। वह पार्टी विरोधी विचार धारा का कांग्रेस का व्यक्ति है। अगर आप उसके यहां खाना खाने जाओगी तो कार्यकर्ताओं और पार्टी की नाक कट जाएगी। आप कांग्रेसियों के यहां क्यों जा रही हैं।

एक कार्यकर्ता बोला- मैंने 15 वोट डाले
सांसद से चर्चा के दौरान सिरोंज के विधायक उमाकांत शर्मा के प्रतिनिधि और लटेरी नगर परिषद अध्यक्ष के पति संजय अत्तु भंडारी गुस्से में नजर आए। उन्होंने कहा- ‘जो लोग आज बात कर रहे हैं, वे लोकसभा चुनाव में कहां थे। हमने 13 मतदान केंद्रों पर कांग्रेस का कोई भी पोलिंग एजेंट नहीं बैठने दिया। हम लड़े हैं उसके लिए।’

वीडियो में ही एक अन्य व्यक्ति कह रहा है- ‘मैंने 15 वोट डाले थे। फर्जी तरीके से मतदान हमने किया था। जेल जाते तो हम जाते।’

चर्चा के दौरान ही पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी आपस में बहस भी करते नजर आए। मामला बढ़ता देख सांसद अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गई।

बाद में कहा- यहां कांग्रेस का संगठन ही नहीं

भाजपा नेता संजय अत्तु भंडारी ने बाद में सफाई में कहा- सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का संगठन ही नहीं है। यहां उनको कार्यकर्ता ही नहीं मिलते। लटेरी में 13 बूथ ऐसे थे जिनमें एजेंट नहीं थे, यही बात मैंने कही है। फर्जी वोट की बात किस कार्यकर्ता ने कहीं यह मुझे नहीं पता।

सागर लोकसभा चुनाव शून्य घोषित करने की मांग

वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने सागर लोकसभा चुनाव को शून्य घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा की आपसी गुटबाजी के कारण लोकसभा चुनाव में फर्जी मतदान का मामला उजागर हुआ है। इससे यह लगता है कि पूरे लोकसभा क्षेत्र में भारी संख्या में फर्जी मतदान, सरकार के दबाव में हुआ है।

यह बात भारतीय जनता पार्टी खुद कह रही है। हम इसकी घोर निंदा करते हैं। निर्वाचन आयोग से हम इस लोकसभा चुनाव को शून्य कराने की मांग करेंगे।

मंडल महामंत्री बोले- हमें नहीं दी सांसद के आने की सूचना

लटेरी भाजपा मंडल के महामंत्री रामगुलाम राजोरिया ने सांसद से कहा कि आप संगठन की कार्यकर्ता हैं और संगठन को विश्वास में लेकर सब करेंगी। हमें सोशल मीडिया के जरिए ये पता चल रहा है कि आप लटेरी आ रही हैं। जिन्होंने आपका प्रवास तय किया है उन्होंने भाजपा की स्थानीय टीम को इस बारे में कोई सूचना नहीं दी। कम से कम हमें भरोसे में लेकर कार्य करना चाहिए था। आप जिनके यहां जा रही है वह कांग्रेस कार्यकर्ता हैं।

कुशवाह समाज के कार्यक्रम में आई थी सांसद

भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष दीपक खोडके ने बताया कि कुशवाह समाज के लोग मेरे मित्र हैं। मैंने कुश जयंती कार्यक्रम के लिए सांसद को आने का निवेदन किया। समाज का कार्यक्रम था। कार्यक्रम के लिए सांसद का समय मांगा था। कुशवाह समाज ने पूरी व्यवस्था की थी। जिन कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ता के यहां भोजन कराने के आरोप लगाए हैं, वे पूरी तरह गलत हैं। जयप्रकाश शर्मा विद्यार्थी परिषद से भाजपाा के कार्यकर्ता हैं। वे 20 साल से भाजपा का काम कर रहे हैं। उनके कांग्रेसी होने का सवाल ही नहीं है।

मेरे सामने नहीं हुआ विवाद

दीपक खोडके ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। यहां हर कार्यकर्ता की बात सुनी जाती है। हमारे कार्यकर्ता और पदाधिकारियों की कोई समस्या थी। उन्होंने सांसद के सामने रखी। लड़ाई जैसी कोई बात नहीं है। कार्यकर्ता और नेताओं में जो गाली गलौज की बात है वह मेरे सामने नहीं हुई, मैं उस समय सांसद के साथ गाड़ी में बैठ गया था।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!