भोपालमध्यप्रदेश

सात रथों से भाजपा निकलेंगी जनआशीर्वाद यात्राएं: दस हजार किलोमीटर का सफर तय होगा, 230 विधानसभा सीटों तक पहुंचेंगी

भोपाल डेस्क :

भाजपा की जनआशीर्वाद यात्राएं 2 सितंबर से शुरू होने जा रही हैं। प्रदेश के 5 सीमावर्ती इलाकों के प्रसिद्ध स्थल या किसी शहीद की जन्मस्थली से यह यात्राएं शुरू होंगी, जो हर जिले और विधानसभा में घूमकर प्रचार करती हुई 10 हजार किलोमीटर का सफर तय करेंगी। 24 सितंबर तक सभी यात्राएं भोपाल पहुंचेंगी। इसके लिए भाजपा ने 7 रथ तैयार कराए हैं। 5 यात्राओं में घूमेंगे, जबकि 2 को स्टैंडबाई मोड पर रखा जाएगा।

उत्तर में संभवत: भिंड या मुरैना में शहीद रामप्रसाद बिस्मिल की जन्मस्थली से, विंध्य में चित्रकूट तीर्थ से, निमाड़ में झाबुआ स्थित चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली या खंडवा में टंट्या मामा की जन्मस्थली से, महाकौशल में नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक, पश्चिम में नीमच या मंदसौर से और दक्षिण में बैतूल या छिंदवाड़ा के किसी स्थान से यह यात्राएं शुरू होंगी।

इधर, भाजपा 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ करने जा रही है। इसी को लेकर गुरुवार को केन्द्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर, अश्विनी वैष्णव और प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने स्थानीय नेताओं के साथ बैठक की। तैयारियों का जिम्मा मंत्री भूपेंद्र सिंह, विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, पूर्व विधायक उमाशंकर गुप्ता व महापौर मालती राय को सौंपा गया है।

भाजपा में शामिल हुईं टीवी एंकर क्षमा त्रिपाठी

टीवी एंकर क्षमा त्रिपाठी ने गुरुवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के घनश्याम चंद्रवंशी और अतिथि शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदीश शास्त्री भी भाजपा में शामिल हो गए।

किसान मोर्चा को 11 लाख सदस्य जोड़ने का टारगेट

भाजपा किसान मोर्चा को चुनाव से पहले प्रदेशभर में 11 लाख नए सदस्य बनाने का टारगेट दिया गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री और मप्र चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने गुरुवार को भाजपा किसान मोर्चा की बैठक को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा, इसके लिए जिलेवार योजना बनाकर काम करें। किसान मोर्चा भाजपा का मजबूत स्तंभ है। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानिती श्रीनिवासन ने भी मोर्चा की बैठक को संबोधित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!