विदिशा

जिला प्रशासन की बड़ी तैयारी एक साथ 13500 कर्मचारियों की कुंडली तैयार: विधान सभा चुनाव से पहले होंगे तबादले

विदिशा डेस्क :

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले जिले में 3 साल की अवधि पूरी करने वाले राजस्व और पुलिस अधिकारियों की सूची जिला प्रशासन ने तैयार कर ली गई है। प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों का पूरा डेटाबेस तैयार किया है। सभी विभागों से अपडेट जानकारी भी मांगी गई है। इसमें 1 जनवरी 2024 की स्थिति में देखा जा रहा है कि किन-किन अधिकारियों के जिले में पदस्थापना के 3 साल पूरे हो रहे हैं।

उसी के अनुसार इन अधिकारियों की सूची बनाई गई है। इसमें चुनाव से पहले विदिशा जिले के 2 एडीएम, 1 ज्वाइंट कलेक्टर, 1 डिप्टी कलेक्टर, 1 तहसीलदार, 6 नायब तहसीलदारों की कुंडली तैयार की है। इनकी जिले में पदस्थापना से लेकर विधानसभा चुनाव तक की अवधि को जिले के सेवाकाल में जोड़कर देखा जा रहा है।

इसी प्रकार पुलिस विभाग ने भी अपने 1 डीएसपी और 7 टीआई स्तर के पुलिस अधिकारियों का खाका तैयार किया है। इनकी सूची भी पुलिस मुख्यालय भेज दी गई है। आने वाले दिनों में राजस्व और पुलिस विभाग के 3 साल की अवधि पूरी करने वाले इन अधिकारियों को जिले से बाहर स्थानांतरित किया जाएगा।

राजस्व और पुलिस विभाग ने 1 जनवरी 2024 तक 3 साल पूरे करने वाले अधिकारियों की बनाई सूची, शासन को भेजी

2 ज्वाइंट कलेक्टर प्रमोट होकर एडीएम बने, अब होगा तबादला
विदिशा जिले में 2 ज्वाइंट कलेक्टर पदोन्नत होकर एडीएम बन गए हैं। इसलिए इनका जल्द ही विदिशा जिले से इनका तबादला अन्यत्र किया जाएगा। इनमें एक तो एडीएम रोशन राय शामिल हैं। करीब 2 महीने पहले ये गंजबासौदा के एसडीएम के प्रभार में थे। लेकिन पदोन्नत होकर अब एडीएम बन गए हैं। इनकी पदस्थापना जल्द ही दूसरे जिले में होगी। इसी प्रकार वर्तमान में कुरवाई एसडीएम अंजलि राय भी प्रमोट होकर एडीएम बन गई हैं। इससे पहले वे सिरोंज एसडीएम थीं। जिले में उनका 3 साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इसलिए उनका ट्रांसफर होना भी तय है।

तहसीलदार सरोज अग्निवंशी का भी ट्रांसफर होना तय
विदिशा नगरीय तहसीलदार सरोज अग्निवंशी के रिटायरमेंट को हालांकि 2.5 साल शेष हैं। लेकिन जिले में कार्यकाल के 3 साल पूरे हो चुके हैं। इस कारण उनका तबादला यहां से होना है। इसके अलावा नायब तहसीलदार सिद्धांत सिंगला, अंकिता चंद्रवंशी, अनामिका सराफ, सृष्टि श्रीवास्तव, हेमंत शर्मा और मनीराम कोंदर के नाम 3 साल पूरे करने वाले अधिकारियों में शामिल हैं।

सीएसपी विकास पांडे भी जाएंगे
विदिशा के सीएसपी विकास पांडे, थाना सिविल लाइंस प्रभारी योगेश दांगी, नटेरन टीआई सुनील मैहर, कुरवाई टीआई वीजेंद्र मर्सकोल, लटेरी टीआई काशीराम कुशवाह, दीपनाखेड़ा टीआई संजीव श्रीवास्तव, शमशाबाद टीआई उमेशपाल सिंह चौहान और एजेके थाने के टीआई अनूप कुमार नामदेव के कार्यकाल के 3 साल पूरे हो रहे हैं।

108 विभागों के 356 कार्यालयों में पदस्थ 13500 अधिकारियों और कर्मचारियों का डेटाबेस तैयार हो चुका है। इसमें 3 साल पूरे करने वाले राज्य और केंद्र सरकार के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हैं।

विदिशा और ग्यारसपुर एसडीएम के भी 3 साल पूरे
वर्तमान में विदिशा एसडीएम गोपाल सिंह वर्मा ज्वाइंट कलेक्टर हैं। जिले में उनके 3 साल पूरे हो रहे हैं। इस कारण उनका तबादला भी किया जाएगा। इसके अलावा वर्तमान में ग्यारसपुर एसडीएम तन्मय वर्मा डिप्टी कलेक्टर के पद पर हैं। वे इससे पहले लटेरी एसडीएम भी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल के भी 3 साल पूरे हो चुके हैं। उन्हें भी किसी दूसरे जिले में भेजा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!