बागेश्वर धाम की भागवत कथा – मुख्यमंत्री ने भजन राम भजन सुख दाई, भजो रे मेरे भाई भजन गाया: हेलीकॉप्टर से शिवराज सिंह चौहान पहुंचे विदिशा
विदिशा डेस्क :
विदिशा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। इसमें शामिल होने के लिए प्रदेश की कई VIP हस्तियां पहुंच रही हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा पहुंचे। शहर में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की भागवत कथा का आयोजन 7 अप्रैल से 13 अप्रैल तक होना है। इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री की भागवत कथा में शामिल होने मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से विदिशा पहुंचे। जहां से वह कथा स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री को शॉल श्रीफल भेंट किया। उन्होंने स्टेज पर बैठकर भागवत कथा सुनी। मंगलवार रात में प्रदेश सरकार के दो मंत्री विश्वास सारंग और हरदीप सिंह डंग भी विदिशा पहुंचे थे और पंडित धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन करके आशीर्वाद लिया।

इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चारों तरफ भक्ति रस बरस रहा है। आनंद ही आनंद आ रहा है। आत्मा के मोझ और लोगों के हितों के लिए जो काम करें वहीं संत होते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन का अंतिम लक्ष्य भगवान को प्राप्त करना ही है। जिन्हें ज्ञान मार्ग, भक्ति मार्ग या फिर कर्म मार्ग से ही प्राप्त किया जा सकता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राम भजन सुख दाई, भजो रे मेरे भाई भजन गाया, तो उनके साथ बागेश्वर धाम सहित अन्य नागरिकों ने भी गाया। आम नागरिक भी भजन की धुन पर नाचते-गाते नजर आ रहे थे। वे काफी देर तक यहां रुके और फिर भोपाल के लिए रवाना हुए।