ग्राम थनवाय में रोड, नहर, टंकी के अलावा अन्य विकास कार्यों को मूर्त रूप दिया गया: विधायक सप्रे
कुरवाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत थनवाय पहुंची विकास यात्रा
विदिशा डेस्क :
कुरवाई विधानसभा क्षेत्रांतर्गत बासौदा विकासखंड की ग्राम पंचायत थनवाय में विकास यात्रा कार्यक्रम को कुरवाई विधायक हरिसिंह सप्रे ने संबोधित किया।
विधायक हरिसिंह सप्रे ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्राम थनवाय में रोड, नहर, टंकी के अलावा अन्य विकास कार्यों को मूर्त रूप दिया गया है। उन्होंने शासन की नवीन योजना लाडली बहना पर भी प्रकाश डाला। साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत अब तीर्थ यात्री हवाई जहाज से यात्रा करेंगे के संबंध में भी जानकारी दी।
कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्म काल में किसी प्रकार से पेयजल की समस्या उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। जिले में आवश्यकताओं को ध्यानगत रखते हुए अन्य सामग्री के अलावा 4000 मोटर पीएचई के द्वारा अग्रिम रूप से जिले में भंडारण कराई गई है।
कलेक्टर भार्गव ने थनवाय चौराहे पर एक नवीन हैंडपंप खनन कराने की घोषणा पर स्वीकृति प्रदाय की। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा दो दिवस के भीतर नवीन हैंडपंप का खनन कार्य पूर्ण किया जाएगा।
ग्राम थनवाय की शासकीय माध्यमिक शाला परिसर मैं आयोजित विकास यात्रा कार्यक्रम के दौरान संवाद कार्यक्रम को विधायक श्री हरिसिंह सप्रे के अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया साथ ही योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा प्राप्त होने वाले आवेदनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पोषण मटका प्रदर्शनी
विकास यात्रा कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत थनवाय में महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्र की महिलाओं के द्वारा पोषण मटका पर आधारित प्रदर्शनी कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई थी। उक्त प्रदर्शनी का अवलोकन कुरवाई विधायक श्री हरिसिंह सप्रे के अलावा कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव ने भी किया। इस दौरान उन्होंने अपने हाथों से खाद्यान्न का भंडारण पोषण मटके में किया। अतिथियों के द्वारा पोषण मटका प्रदर्शनी की सराहना की।



