जमीन विवाद से परेशान युवक ने पिंड भरकर मांगा न्याय: एसपी कार्यालय पहुंचकर जताया अनोखा विरोध

विदिशा डेस्क :
कुरवाई तहसील में जमीन विवाद को लेकर कार्रवाई नहीं होने से नाराज एक युवक ने गुरुवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। न्याय की गुहार लगाने के लिए युवक पिंड भरकर एसपी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, कुरवाई तहसील निवासी गजेंद्र दांगी का गांव के कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि विवादित भूमि पर खेती के दौरान कुछ लोगों ने पहुंचकर उनका ट्रैक्टर रुकवा दिया। इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से वह परेशान हैं।

गजेंद्र दांगी ने आरोप लगाया कि 15 जून को कुछ लोगों ने उनके घर पहुंचकर तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को अंजाम दिया। साथ ही उनके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठा मामला दर्ज कराया गया। उनका कहना है कि जमीन से जुड़े सभी वैध दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं और निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी।
लगातार शिकायतों के बावजूद सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए युवक पिंड भरकर एसपी कार्यालय पहुंचा और न्याय की मांग की। उसका कहना है कि प्रशासन और पुलिस निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे।
इस मामले में एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों की ओर से प्रकरण दर्ज हैं। मामले की जांच कुरवाई एसडीओपी को सौंपी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



