खतरनाक मोड़ बना मौत का जाल! तिलस्वा घाट में फिर भीषण हादसा, खाई में गिरी पिकअप; 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत

न्यूज़ डेस्क:
नीमच जिले के सिंगोली क्षेत्र स्थित तिलस्वा घाट एक बार फिर दर्दनाक हादसे का गवाह बना। मंगलवार रात करीब 10 बजे राजस्थान से आ रहा मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार दो दिनों में इसी घाट पर हुए दूसरे बड़े हादसे ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार पिकअप वाहन (RJ14-GN-6549) राजस्थान के धौलपुर से बांसवाड़ा की ओर जा रहा था। वाहन में पेंट की बाल्टियां लोड थीं और मजदूर उन्हीं बाल्टियों के ऊपर बैठे हुए थे। तिलस्वा घाट के खतरनाक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि पेंट की बाल्टियों में भरा रंग मजदूरों के शवों पर फैल गया। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
मृतक मजदूर उत्तर प्रदेश और राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। हादसे में घायल हुए मोहम्मद जाकिर (40), इदरीस और सोमपाल को पहले सिंगोली अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कोटा रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिंगोली थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा और तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाला गया और सिंगोली अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि रविवार को भी इसी तिलस्वा घाट पर शिव शक्ति ट्रेवल्स की बस पलट गई थी, जिसमें करीब 30 यात्री घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। नागरिकों ने घाट पर क्रैश बैरियर लगाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और गति सीमा तय करने की मांग प्रशासन से की है।



