विदिशा

किसानों की समस्याओं पर फूटा गुस्सा: किसान कांग्रेस ने CM के नाम सौंपा ज्ञापन

ऋण जमा तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ाने, पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराने और 4000 रु. क्विंटल गेहूं खरीदी की मांग

लटेरी डेस्क :

किसानों की बढ़ती समस्याओं को लेकर गुरुवार को किसान कांग्रेस ने लटेरी तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए गए और शासन से तत्काल समाधान की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द निराकरण नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी किसानों को साथ लेकर बड़ा आंदोलन करेगी।

ज्ञापन में कहा गया कि इस समय किसान आर्थिक और व्यवस्थागत दोनों तरह की परेशानियों से जूझ रहे हैं। सोसायटी ऋण जमा करने की अंतिम तिथि नजदीक होने से किसानों पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। ऐसे में किसानों को राहत देने के लिए ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ाई जाए, ताकि वे बिना दबाव के अपनी देनदारी पूरी कर सकें।

किसान कांग्रेस ने क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की कमी को भी गंभीर संकट बताया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि डीजल-पेट्रोल नहीं मिलने से किसान अपनी कटाई, मड़ाई, ट्रॉली परिवहन और फसल प्रबंधन जैसे जरूरी कार्य समय पर नहीं कर पा रहे हैं। इससे फसल नुकसान की आशंका बढ़ गई है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि किसानों की जरूरत को देखते हुए क्षेत्र में ईंधन की पर्याप्त व्यवस्था तत्काल कराई जाए।

ज्ञापन में गेहूं खरीदी व्यवस्था को लेकर भी किसानों की नाराजगी सामने आई। किसान कांग्रेस ने मांग की कि किसानों के हित में गेहूं की सरकारी खरीदी 4000 रुपए प्रति क्विंटल की दर से सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि खरीदी केंद्रों पर समय पर गेहूं की तुलाई नहीं होने से किसान बेहद परेशान हैं। कई किसान दिनों तक इंतजार करने को मजबूर हैं, जिससे आर्थिक संकट और बढ़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कई किसानों के घरों में बच्चों के विवाह जैसे पारिवारिक कार्यक्रम हैं, लेकिन फसल का भुगतान और तुलाई समय पर न होने से वे आवश्यक खरीददारी तक नहीं कर पा रहे हैं। इससे ग्रामीण परिवारों की चिंता और बढ़ गई है।

ज्ञापन का वाचन संजीव कुशवाह, अध्यक्ष किसान कांग्रेस आनंदपुर ने किया। इस दौरान यदुवीर सिंह एडवोकेट, जन्डेल सिंह जादौन, बालाराम रघुवंशी, हरनाम दास, गुलाब सिंह, नवीन करेरिया, रविन्द्र जादौन, डॉ. अरविंद धाकड़, मोहन सिंह, प्रदीप शर्मा, जीतेन्द्र बघेल सहित कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।
किसान कांग्रेस ने साफ कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में व्यापक किसान आंदोलन किया जाएगा।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!