551 फीट लंबी विशाल चुनरी यात्रा निकली: जयकारों और भक्ति में सराबोर रहा आनंदपुर

आनंदपुर डेस्क :
चैत्रीय नवदुर्गा महोत्सव के अंतर्गत प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आनंदपुर में 551 फीट लंबी विशाल चुनरी यात्रा पूरे श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ निकाली गई। चुनरी यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं की भागीदारी रही और पूरा गांव देर रात तक भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
चुनरी यात्रा का शुभारंभ थाना परिसर के पीछे स्थित हनुमान मंदिर से विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद यह भव्य यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। यात्रा के दौरान श्रद्धालु “जय माता दी” और “जोर से बोलो जय माता दी” के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बड़ी संख्या में शामिल होकर धार्मिक आस्था का परिचय दिया।

यात्रा में युवाओं की टोली डीजे की भक्ति धुनों पर आगे-आगे नृत्य करती हुई चल रही थी, जिसने पूरे माहौल को और अधिक उत्साहपूर्ण बना दिया। श्रद्धालु अपने हाथों में माता रानी की ज्योति और धार्मिक प्रतीक लिए हुए चल रहे थे। गांव के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया और माता रानी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
यह विशाल चुनरी यात्रा सिरोंज स्थित डांग वाली महामाई मंदिर के लिए रवाना हुई, जहां देर रात चुनरी माता रानी को अर्पित की गई। इस दौरान ग्राम की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।
यात्रा में शामिल कुलदीप पाराशर और अनिल सेन ने बताया कि यह उनकी 11वीं चुनरी यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष ग्रामीणों के सहयोग से इस प्रकार की धार्मिक यात्रा निकाली जाती है और एक वर्ष में दो बार चुनरी यात्रा आयोजित की जाती है। उन्होंने बताया कि अब तक विभिन्न धार्मिक स्थलों पर चुनरी अर्पित की जा चुकी है और आगे भी ग्रामीणों के सहयोग से यह परंपरा निरंतर जारी रहेगी।



