मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश ने नेशनल गेम्स 2025 की मेजबानी मांगी: खेलमंत्री सारंग ने अनुराग ठाकुर को सौंपा पत्र

भोपाल डेस्क :

मप्र ने नेशनल गेम्स की मेजबानी मांगी है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने नई दिल्ली में केंद्रीय खेलमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से मुलाकात कर ‘नेशनल गेम्स 2025’ के आयोजन की मेजबानी मप्र को देने संबंधी पत्र सौंपा है। पत्र में सारंग ने लिखा है कि मप्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना उपलब्ध है, जिससे 5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 का सफल आयोजन किया गया था, इसी तरह नेशनल गेम्स 2025 भी सफलतापूर्वक आयोजित करेंगे।

मध्यप्रदेश द्वारा 5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2022 31 जनवरी से 11 फरवरी 2023 तक भोपाल समेत प्रदेश के आठ शहरों में आयोजित किए गए थे। मध्यप्रदेश 18 खेलों की 11 खेल अकादमियां संचालित करता है। इन सभी खेल अकादमियों में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना निर्मित की गई है। इसके अलावा भोपाल के नाथू बरखेड़ा में 985.76 करोड़ की लागत से इंटरनेशनल लेवल के स्पोर्टस कॉम्प्लैक्स का निर्माण किया जा रहा है।

आवागमन के साथ खिलाड़ियों के लिए सुगम संसाधन
सारंग ने पत्र में नेशनल गेम्स 2023 में मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए लिखा कि गोवा में आयोजित नेशनल गेम्स-2023 में मध्यप्रदेश के 314 खिलाड़ियों द्वारा 37 खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन कर 37 गोल्ड, 36 सिल्वर, 39 ब्रॉन्ज समेत कुल 112 मेडल जीते थे।

मप्र ने देश में चौथा स्थान अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि मप्र देश का हृदय स्थल है और यहां देश के सभी हिस्सों से आवागमन हेतु रेलवे एवं वायु के सुगम संसाधन तथा प्रतिष्ठित होटल उपलब्ध है। इन सबको देखते हुए मप्र को नेशनल गेम्स-2025 के आयोजन का दायित्व सौंपा जाता है तो निश्चित ही सफलतापूर्वक आयोजन करेंगे।

 

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!