CM डॉक्टर मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक: सभास्थल में वर्दी पहनकर घुसा नशेड़ी

न्यूज़ डेस्क :
शहडोल में सीएम डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा में बड़ी चूक हो गई। एक नशेड़ी युवक पुलिस की वर्दी पहनकर सभास्थल में घुस गया। वह करीब दो घंटे तक पुलिसवालों के बीच ही रहा। मीडिया को उसकी हरकतें संदिग्ध लगी तो पूछताछ की गई। इसके बाद वह भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
शहडोल के पॉलीटेक्निक मैदान में सीएम डॉ. मोहन यादव की सभा है। यहां दोपहर करीब 12 बजे एक शख्स मध्यप्रदेश पुलिस की वर्दी पहनकर पहुंच गया। उसने शराब पी रखी थी। वह पुलिसकर्मियों के बीच पहुंचकर लोगों पर रौब दिखाने लगा। फिर सभा में सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाली युवतियों के बीच जाकर खड़ा हो गया। उनसे बात करने की कोशिश करने लगा।
जब युवक सभास्थल पर घूम रहा था, तब सीएम डॉ. यादव कार्यक्रम में नहीं पहुंचे थे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही उसकी पहचान हो गई।

प्रवेश द्वार प्रभारी बोले- हमारी टीम में नहीं था शराबी
सभास्थल पर जिस गेट से सीएम डॉ. यादव को प्रवेश करना था, नशेड़ी युवक वहीं घूमता रहा। गेट के प्रभारी टीआई रघुवंशी ने बताया, शराबी कौन था, उसकी हमें जानकारी नहीं है। मेरी टीम में 9 लोग हैं, उनमें वो शामिल नहीं है। वह कौन था उसका पता लगा रहे हैं।
6 घंटे शहडोल में रहेंगे सीएम डॉ. मोहन
मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव शनिवार को शहडोल जिले में लगभग 6 घंटे रहेंगे। वे आभार यात्रा और संभागीय समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे। सीएम शहडोल के जमुई हैलीपेड आएंगे। शहर में यूनिवर्सिटी के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण करेंगे। कई विकास कार्यों की आधार शिला रखेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट में संभाग स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेंगे।



