MP में कानून व्यवस्था के संबंध में सीएम की समीक्षा बैठक: कहा- खुले में मांस के विक्रय पर कार्रवाई करें, अपराध और ठगी के नए तरीकों पर लगाम लगाएं

भोपाल डेस्क :
सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में कानून व्यवस्था के संबंध में भोपाल संभाग की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने भोपाल में जोन और थानों की सीमाओं की प्रस्तावित योजना का काम जनप्रतिनिधियों की सहमति से करने की सलाह भी दी। बैठक में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री कृष्णा गौर भी मौजूद थीं।
निर्दोष लोगों को परेशान न करें
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराध और ठगी के सामने आ रहे नए तरीकों पर नियंत्रण करने और इस संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं। निर्दोष लोग परेशान न करें। सीएम ने कहा कि खुले में मांस के विक्रय पर कार्रवाई की जाए और नगरीय निकाय व नगर पंचायतें बजट में विशेष प्रावधान कर मांस विक्रय के लिए विशेष क्षेत्र जल्दी विकसित करें।

जेलों का भी औचक निरीक्षण करें कलेक्टर्स
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिला कलेक्टर्स को जेलों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कहा कि प्रदेश के सभी जेलों में बंदियों की स्थिति का विशलेषण कर 15 दिन में रिपोर्ट पेश करें। भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र ने भोपाल नगरीय पुलिस के आंकड़ों के साथ बताया कि वर्ष 2022-23 में भोपाल में आईपीसी अपराध में 6% की कमी आई है।
विकास कार्य कराएं तो स्थानीय विधायकों को दें जानकारी
मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया कि जैसा की पहले तय किया गया था कि प्रदेश में सरकार संभाग और जिलों से चलेगी। इसलिए विभागों द्वारा जो भी विकास कार्य कराए जा रहे हैं उसकी जानकारी स्थानीय विधायकों को दें। इस दिशा में बेहतर कार्य हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल जिले में ओडीएफ के क्षेत्र में अच्छा कार्य हुआ है। जो ग्राम ओडीएफ से छूट गए हैं उन्हें भी चिन्हित कर ओडीएफ करने का प्रयास करें।



